ककड़िया विद्यालय में भगत सिंह की 117वीं जयंती मनाई...!!
नूरसराय-ककड़िया, 28 सितम्बर 2024 : स्थानीय मध्य विद्यालय ककड़िया के प्रांगण में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रसिद्ध नायक शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 117 वीं जयंती समारोह श्रद्धा पूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार, शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा ने सरदार भगत सिंह की तस्वीर पर श्रद्धा पुष्प अर्पित किए और छात्रों को बलिदानी भगत सिंह की तरह अपनी जिंदगी में हर एक काम बड़े सच्चे ढंग के साथ करने व अपने देश को प्यार करने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार के साथ समारोह के मुख्य अतिथि हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अरुण कुमार भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर समारोह में विषय प्रवेश कराते हुए शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा ने उपस्थित छात्रों को आजादी में सरदार भगत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका बतायी। छात्रों को एक अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने छात्रों को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों से सीखने और दिन-प्रतिदिन की चुनौतियों का सामना करने में अधिक साहसी बनने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता एवं भाईचारे के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार ने शहीद भगत सिंह के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को उनके विचारो से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने बताया की भगत सिंह मनाते थे कि हमारे शरीर को खत्म किया जा सकता लेकिन हमारे विचारो को कोई खत्म नहीं कर सकता है। इस लिए बच्चों को उनके विचारों पर ध्यान देने और अमल करने को कहा गया।
शिक्षक सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि सरदार भगत सिंह का जन्म 28 सितंबर 1907 को हुआ था। चंद्रशेखर आजाद व अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्होंने देश की आजादी के लिए अभूतपूर्व साहस के साथ ब्रिटिश सरकार का मुकाबला किया। आजादी की लड़ाई के वक्त भगत सिंह नौजवानों के लिए प्रेरणास्रोत थे।
शिक्षक जितेंद्र कुमार मेहता ने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह की आज 117 वीं जयंती है। अपनी सोच और मजबूत इरादों से अंग्रेजी हुकूमत को हिला देने वाले इस नौजवान क्रांतिकारी भगत सिंह को आज पूरा देश याद कर रहा है। इसी को लेकर आज ककड़िया मध्य विद्यालय में शहीद भगत सिंह की जयंती मनाई गई है।
मौके पर रोटरी क्लब के पदाधिकारी श्री परमेश्वर प्रसाद ने कहा कि भगत सिंह का पूरा जीवन संघर्ष से भरा रहा। मात्र 23 साल की उम्र में उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। हमें उनसे प्रेरणा लेना चाहिए।
समारोह के मुख्य अतिथि नालन्दा के प्रख्यात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.अरुण कुमार ने भगत सिंह को स्मरण करते हुए कहा कि बलिदानी भगत सिंह के संघर्ष, उनके बलिदान से भावी पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती है और राष्ट्र के इतिहास को उसके सही परिप्रेक्ष्य में जानने का अवसर मिलता है। राष्ट्रवाद की अलख जगाने वाले अपने राष्ट्र-पुरुषों का स्मरण कर उनके जीवन आदर्शों को आत्मसात करना ऐसे आयोजनों को सार्थकता तो प्रदान करता ही है, साथ ही राष्ट्र की सेवा के संकल्प को प्रखरता मिलती है।
इस दौरान रोटरी क्लब के सक्रिय सदस्य विश्व प्रकाश जी, विद्यालय के शिक्षिका पूजा कुमारी, शिक्षक मनुशेखर कुमार, रणजीत कुमार सिन्हा, सतीश कुमार, अरविन्द कुमार, अनुज कुमार, सुरेश कुमार, विश्वरंजन कुमार, मुकेश कुमार सहित समाजसेवी कंचन कुमार एवं बाल संसद के प्रधानमंत्री रजनीश कुमार व विद्यालय परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद