ककड़िया विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया 76 वीं गणतंत्र दिवस ...!!
नूरसराय-ककड़िया 26 जनवरी 2025 : 76 वीं गणतंत्र दिवस के मौके पर मध्य विद्यालय ककड़िया के प्रांगण में प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया।
मौके पर प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार ने अपने संदेश में सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह दिन प्रत्येक भारतीय के लिए बड़ा ही महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि हमारे देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना तन, मन और धन सब कुछ न्योछावर कर हमें स्वतंत्रता रूपी जो उपहार दिया है, हमें उसकी रक्षा करनी है। एक शिक्षित, दूरदर्शी, ईमानदार एवं निर्भीक नागरिक बनकर राष्ट्र के विकास में योगदान करना है।
मौके पर वरीय शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि विद्यालय के छात्रों ने बड़े ही आकर्षक ढंग से एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया जिसका उद्देश्य था कि देश प्रेम केवल एक सैनिक बनकर ही नहीं अपितु एक साधारण नागरिक बनकर, अपने देश को साफ सुथरा रखकर जरूरतमंदों की मदद कर, बिजली बचा कर, पेड़ लगाकर, पानी बचाकर भी प्रदर्शित कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों को गणतंत्र दिवस का महत्व समझाते हुए बताया कि कैसे 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। उन्होंने छात्रों को भारतीय संविधान की विशेषताओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिक्षक अरविन्द कुमार शुक्ल ने कहा कि यह पूरे देश के लिए सबसे बड़ा पर्व है। विद्यार्थियों को आज देश के लिए शहीद हुए क्रांतिकारियों से प्रेरणा लेनी चाहिए ताकि कोई भी हमारे देश की तरफ आंख उठाकर भी ना देख सके।
शिक्षक जितेन्द्र कुमार मेहता ने वक्तव्य में बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस केवल अतीत को याद करने के बारे में नहीं है, यह वर्तमान को अपनाने और भविष्य के निर्माण के बारे में भी है यह सीखने, बड़े सपने देखने और ऊंचे लक्ष्य रखने की आजादी है। उन्होंने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी।
शिक्षक मनुशेखर कुमार ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारतीय इतिहास में गणतंत्र दिवस का बहुत ही महत्व है क्योंकि यह हमें भारतीय संविधान से जुड़े हर एक संघर्ष के बारे में बताता है। इस अवसर पर हम यह प्रेरणा लेते हैं कि आपसी भेदभाव को मिटा कर राष्ट्र निर्माण के प्रत्येक कार्य में योगदान देंगे। आइए गणतंत्र दिवस के दिन हम संकल्प लें कि हम देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करेंगे। देश की अखंडता और एकता को बनाए रखने की दिशा में काम करेंगे।
शिक्षक सच्चिदानंद प्रसाद ने बच्चों को देश की आजादी और गणतंत्र के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए सभी उपस्थित लोगों के बीच राष्ट्रीय मिठाई जलेबी वितरित किए गए और छात्रों ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।
इस दौरान शिक्षक रणजीत कुमार सिन्हा, अरविंद कुमार शुक्ल, अनुज कुमार, पूजा कुमारी, सुरेश कुमार, सतीश कुमार, विश्व रंजन कुमार, मो. रिजवान आफताब, मुकेश कुमार, रामजी चौधरी, हीरामणि कुमार, जॉशन कुमार, आदित्य कुमार, निशांत कुमार, सोनाली कुमारी, चांदनी कुमारी, गुड़िया कुमारी, नंदनी कुमारी, रेखा कुमारी, बाल संसद के प्रधानमंत्री सौरभ कुमार सहित विद्यालय के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने देश की आन बान शान की रक्षा का संकल्प लिया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद