ककड़िया मध्य विद्यालय में निकाली गयी मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की झांकी....!!

●नवरात्रि में ककड़िया विद्यालय के छात्र छात्राओं ने दिखाए माँ दुर्गा के नौ रूप:
●छात्राओं ने मां दुर्गा के नव रूपों की आकर्षक झांकी प्रस्तुत कर मन मोहा:
 
नूरसराय-ककड़िया, 29 सितम्बर 2025 : मध्य विद्यालय ककड़िया के प्रांगण में नवरात्र स्पेशल कार्यक्रम का आयोजन उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने भारतीय संस्कृति व पारंपरिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए प्रधानाध्यापक शिक्षाविद् दिलीप कुमार की अध्यक्षता में नवरात्र उत्सव को जीवंत किया।
मौके पर नवरात्र स्पेशल कार्यक्रम का विषय प्रवेश कराते हुए शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का एकमात्र उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ना और समाज में नारी शक्ति की महत्ता को उजागर करना है। नवरात्र का पर्व हमें यह सिखाता है कि जीवन में कठिनाइयां और बुराइयां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, यदि हम दृढ़ संकल्प और सद्गुणों के साथ खड़े हों तो विजय निश्चित है। पूरे कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि नवरात्र हमारे भीतर की नकारात्मकताओं को त्यागकर सकारात्मकता, अच्छाई और मानवीय धर्म को अपनाने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षिका पूजा कुमारी ने भावपूर्ण वैदिक मंत्रोच्चारण कर किया। इनके द्वारा या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः श्लोक एवं सप्तश्लोकी दुर्गा-पाठ के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण ने वातावरण को दिव्य और पावन बना दिया। जिससे विद्यालय का पूरा वातावरण भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी सामूहिक रूप से मंगलाचरण स्तुति कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद नन्हीं-नन्हीं बालिकाओं की प्रस्तुत नवदुर्गा झांकी कार्यक्रम में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की दिव्य व मनोहारी चित्रण कर सभी उपस्थित लोगों को आत्मीय भावविभोर कर दिया।
मौके पर अध्यक्षता करते हुए प्रधानाध्यापक शिक्षाविद् दिलीप कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ते हैं। नवरात्र हमें आत्मसंयम, त्याग, साहस और सकारात्मक ऊर्जा के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती है।
शिक्षक मो. रिजवान अफ़ताब ने कहा कि जब महिषासुर नामक राक्षस ने स्वर्ग एवं पृथ्वी पर आतंक मचा रखा था और देवगण भी भयभीत हो उठे थे, तब देवी दुर्गा प्रकट हुई। नौ रातों तक चले युद्ध के बाद दसवें दिन देवी ने महिषासुर का वध कर बुराई की विजय का संदेश दिया।
 
शिक्षक रणजीत कुमार सिन्हा ने कहा ऐसे आयोजन बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कृति और अध्यात्म की ओर उन्मुख करते हैं।
जितेन्द्र कुमार मेहता तथा सतीश कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा मां दुर्गा की शक्ति से प्रेरणा लेकर विद्यार्थी जीवन में नैतिकता और सत्य के पथ पर अग्रसर होंगे।  
शिक्षक अनुज कुमार, सुरेश कुमार, विश्वरंजन कुमार, मुकेश कुमार ने भी विद्यार्थियों के परिश्रम एवं रचनात्मकता की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
मौके पर बाल संसद के प्रधानमंत्री अर्जुन कुमार, शिक्षामंत्री सलोनी कुमारी, जौशन कुमार, दिव्या भारती, मुश्कान कुमारी, राज नंदनी कुमारी, खुशी कुमारी, वर्षा कुमारी, राखी कुमारी, राशि कुमारी, लभली कुमारी, नंदनी कुमारी, स्नेहा कुमारी, चांदनी कुमारी, नीतु कुमारी, रेखा कुमारी, राजवीर कुमार, हरेराम कुमार, आदित्य कुमार, रविश कुमार, निशांत कुमार, मोहित कुमार, अनमोल कुमार तथा विद्यालय परिवार के सदस्य समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ककड़िया विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया जनजातीय गौरव दिवस, बिरसा मुंडा के बलिदान को किया याद...!!

61 वर्षीय दस्यु सुंदरी कुसुमा नाइन का निधन, मानववाद की पैरोकार थी ...!!

ककड़िया मध्य विद्यालय की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन...!!