ककड़िया विद्यालय में वीर बाल दिवस श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया गया......!!
●ककड़िया में धूमधाम से मनाया गया वीर बाल दिवस
● मध्य विद्यालय ककड़िया में वीर बाल दिवस मनाया गया
नूरसराय-ककड़िया, 26 दिसम्बर 2025 : स्थानीय ककड़िया विद्यालय परिसर में वीर बाल दिवस का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के वरीय शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा ने की। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ वीर बालक साहिबज़ादे जोरावर सिंह एवं साहिबज़ादे फतेह सिंह के बलिदान को स्मरण करते हुए किया गया।
मौके पर अध्यक्षीय संबोधन में शिक्षाविद श्री राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि वीर बाल दिवस हमें बाल साहस, राष्ट्रभक्ति, त्याग और धर्मनिष्ठा के आदर्शों से परिचित कराता है। सिखों के गुरु, गुरु गोविंद सिंह के दोनों बेटों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह ने अपने धर्म और देश के रक्षार्थ अल्पायु में ही शहादत दे दी लेकिन आततायियों की गुलामी स्वीकार नहीं की। उन्होंने कहा कि साहिबज़ादों का अद्वितीय बलिदान आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और विद्यार्थियों को उनके जीवन से सत्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश ग्रहण करना चाहिए। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के योगदान की सराहना की।
मौके पर शिक्षक क्लब के संयोजक शिक्षाविद दिलीप कुमार ने कहा कि सामाजिक समरसता के तहत विद्यालय परिवार उन वीरों के बलिदानों को याद करते हुए उनके गौरव गाथा जो आज एक प्रेरणा स्रोत के रूप में है, उसे अपने स्तर से जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता है।
शिक्षक सतीश कुमार ने बताया कि बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अदम्य साहस और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के खातिर भारत सरकार के निर्देशानुसार 26 दिसंबर 2022 से प्रत्येक वर्ष वीर बाल दिवस मनाया जाता है। हम सभी को भी अपने परिवार, समाज और संस्थान में जरूरत पड़ने पर हिम्मत से काम लेना चाहिए और हर गलत चीज का विरोध करना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, चित्रांकन, कविता पाठ एवं विचार प्रस्तुति के माध्यम से वीर बालकों के शौर्य को रेखांकित किया गया। शिक्षकों ने भी वीर बाल दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से वीर बालकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा राष्ट्र निर्माण में बच्चों की भूमिका पर संकल्प लिया गया। आयोजन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस दौरान शिक्षक रोहित कुमार, बाल संसद के उप प्रधानमंत्री राजवीर कुमार, शिक्षामंत्री सोनाली कुमारी, प्रतिमा कुमारी, सृष्टि कुमारी, शिवानी कुमारी, अजय कुमार, दिव्या भारती, मुश्कान कुमारी, राज नंदनी कुमारी, खुशी कुमारी, वर्षा कुमारी, राखी कुमारी, राशि कुमारी, लभली कुमारी, नंदनी कुमारी, स्नेहा कुमारी, चांदनी कुमारी, नीतु कुमारी, रेखा कुमारी, राजवीर कुमार, हरेराम कुमार, आदित्य कुमार, रविश कुमार, निशांत कुमार, मोहित कुमार, अनमोल कुमार तथा विद्यालय परिवार के सदस्य समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद