ककड़िया विद्यालय में सावित्रीबाई फुले जयंती पर परिचर्चा का आयोजन.....!!

 
ककड़िया-नूरसराय, 03 जनवरी 2026 : ककड़िया स्थित विद्यालय परिसर में भारत की प्रथम महिला शिक्षिका एवं नारी शिक्षा की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले की 195 वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर “नारों से नहीं बल्कि शिक्षा से ही नारी सशक्तिकरण संभव है” विषय पर एक विचारोत्तेजक परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार मेहता ने की। परिचर्चा की शुरुआत सावित्रीबाई फुले के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं उनके विचारों को स्मरण करते हुए की गई।
मौके पर कार्यक्रम का विषय प्रवेश कराते हुए वरीय शिक्षक शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में शिक्षा की अलख जगाई जब महिलाओं को पढ़ाना सामाजिक अपराध माना जाता था। उन्होंने कहा कि “केवल नारे लगाने से नारी सशक्तिकरण संभव नहीं है”, बल्कि शिक्षा ही वह मजबूत आधार है जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर, जागरूक और सम्मानपूर्ण जीवन जी सकती हैं। माता सावित्रीबाई फुले ने विपरीत परिस्थितियों में भी अव्वल कार्य किया, जो विश्व के इतिहास में शायद ही ऐसा उदाहरण कहीं देखने को मिल पाएगा। आज हम उनके कृतित्व को नमन करते हैं।
परिचर्चा के दौरान प्रधानाध्यापक श्री जितेन्द्र कुमार मेहता ने सावित्रीबाई फुले के जीवन संघर्ष, उनके द्वारा स्थापित बालिका विद्यालयों तथा समाज सुधार में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मौके पर शिक्षिका पूजा कुमारी ने कहा कि आज भी समाज में लैंगिक असमानता, अशिक्षा और रूढ़ियों से लड़ने के लिए सावित्रीबाई फुले के विचार अत्यंत प्रासंगिक हैं।
ग्रामीण महिला-पुरुषों ने भी परिचर्चा में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने विचार रखे और शिक्षा को नारी सशक्तिकरण की कुंजी बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सावित्रीबाई फुले के बताए मार्ग पर चलने और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। समारोह के अंत में प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार मेहता एवं वरीय शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा ने शिक्षिका पूजा कुमारी को ज्योतिराव फुले की पुस्तक गुलामगिरी और डायरी देकर सम्मानित किया।
इसी के साथ कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
इस दौरान विद्यालय के शिक्षक सर्वश्री अनुज कुमार,अरविन्द कुमार शुक्ला, रणजीत कुमार सिन्हा, सतीश कुमार, सुरेश कुमार, विश्वरंजन कुमार, मो. रिज़वान अफताब, अनीता कुमारी, मुकेश कुमार तथा विद्यालय परिवार के सदस्य समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानाध्यापक के सेवानिवृत्ति पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन, शिक्षकों और छात्रों ने दी भावभीनी विदाई...!!

61 वर्षीय दस्यु सुंदरी कुसुमा नाइन का निधन, मानववाद की पैरोकार थी ...!!

सुपुर्दे खाक हुए मो. तस्लीमुद्दीन, संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष कुमार राकेश ने कहा- अलविदा भाई.....!!