नाई संघ के पूर्व कार्यालय सचिव श्यामसुन्दर शर्मा के असामयिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा ....!!
बिहारशरीफ, 10 दिसम्बर 2025 : मंगलवार की देरशाम को अखिल भारतीय नाई संघ (ट्रेड यूनियन) की ओर से नाई संघ के पूर्व कार्यालय सचिव श्यामसुन्दर शर्मा के असामयिक निधन पर संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सोहसराय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में संघ के नेताओं ने उनके असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
मौके पर श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुये संघ के संयोजक समाजसेवी राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय श्यामसुन्दर शर्मा जी एक स्वच्छ छवि के कर्मठ और निर्भीक सक्रिय कार्यकर्ता थे। स्वर्गीय शर्मा जी संगठन के मजबूत स्तंभ थे। ट्रेड यूनियन गतिविधियों को सुदृढ़ करने के लिए वे हमेशा तत्पर रहते थे। नाई समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने और उनके अधिकारों के संरक्षण हेतु उनका योगदान अविस्मरणीय है। संघर्षशील, सौम्य एवं सरल स्वभाव के कारण वे सभी के प्रिय थे। उनके निधन से संगठन ने एक सच्चा मार्गदर्शक खो दिया है जिसकी भरपाई संभव नहीं। उन्होंने कहा कि नाई समाज इस दुख की घड़ी में दिवंगत श्यामसुन्दर जी के परिवार के साथ हैं।
मौके पर अध्यक्षता करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय श्यामसुन्दर शर्मा जी लम्बे समय से नाई संघ के सक्रिय कार्यकर्ता एवं पूर्व कार्यालय सचिव थे। वे हमेशा एक कुशल कार्यकर्ता की तरह नाई संघ की सेवा की। नाई संघ को उनके निधन से अपूरणीय क्षति हुई है।
मौके पर संघ के जिला उपाध्यक्ष रणजीत कुमार अकेला ने कहा कि श्यामसुन्दर शर्मा जी के निधन से नाई संघ को अपूरणीय क्षति हुई है। वे चरित्रवान, गुणवान, कर्मयोगी, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार कार्यकर्ता थे। उनका जीवन सभी के लिए अनुकरणीय है। उनके निधन से नालंदा जिले को अपूर्णीय क्षति हुई है। उन्होंने आजीवन नाई समाज के लिए काम किया।
संघ के महासचिव परमेंदर शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय श्यामसुन्दर शर्मा जी का व्यवहार बेहद सौम्य था। जिसके चलते उन्हें नाई समाज में बहुत सम्मान दिया जाता था। उनके निधन से समाज में एक गहरा शून्य हो गया है।
श्रद्धांजलि सभा में निगरानी अध्यक्ष विक्रम कुमार, कोषाध्यक्ष बबलू कूमार, वरीय अधिवक्ता सुरेन्दर प्रसाद, सलाहकार सुधीर कुमार, मीडिया प्रभारी सुमित कुमार, कार्यकरणी भीम शर्मा, मून्ना शर्मा, अजय शर्मा सहित कई नाई संघ के सक्रिय लोगों ने श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित होकर दिवंगत श्यामसुन्दर शर्मा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी। और दो मिनट का मौन रख दिवंगत आत्मा की शांति के लिये ईश्वर से प्रार्थना की।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद