नूरसराय के मध्य विद्यालय ककड़िया में बाल मेला: बच्चों ने खेल, फूड स्टॉल और शैक्षिक गतिविधियों में लिया भाग...!!

बाल मेले का हुआ आयोजन, शिक्षक क्लब के संयोजक दिलीप कुमार ने किया शुभारंभ, विजेताओं को वितरित किए पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र
 ●ककड़िया विद्यालय में बाल मेले का आयोजन
नूरसराय,ककड़िया 7 मार्च 2026 : नूरसराय प्रखंड के मध्य विद्यालय ककड़िया में शनिवार को 'सीख, मनोरंजन और जीवन मूल्यों का उत्सव' थीम पर एक भव्य बाल मेले का आयोजन विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार मेहता की अध्यक्षता में किया गया। 
इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षक क्लब के संयोजक श्री दिलीप कुमार, विद्यालय के वरीय शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा, शिक्षिका पूजा कुमारी और प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार मेहता संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री दिलीप कुमार को बच्चियों ने स्वागत गीत के साथ पुष्प गुच्छ देकर एवं वरीय शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा एवं विद्यालय परिवार ने अंगवस्त्र से सम्मानित किया।
मेले में विभिन्न प्रकार के खेल, फूड स्टॉल और शैक्षिक गतिविधियां शामिल किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने व्यावहारिक जीवन के महत्वपूर्ण सबक सीखे। खेल-खेल में उन्होंने टीमवर्क, निर्णय लेने की क्षमता, संचार कौशल और धन के सही उपयोग जैसे जीवन उपयोगी कौशल विकसित किए।
फूड स्टॉल बच्चों के लिए एक लाइव लर्निंग लैब साबित हुए, जहाँ उन्होंने योजना बनाने, जिम्मेदारी निभाने और आत्मविश्वास के साथ कार्य करने का अनुभव प्राप्त किया।
अपने संबोधन में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षक क्लब के संयोजक श्री दिलीप कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को केवल मनोरंजन ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन के लिए तैयार करते हैं और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी देते हैं।उन्होंने बाल मेला के उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि यह मेला बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने, व्यावसायिक कौशल सिखाने और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए की गई है। उन्होंने स्टालों का अवलोकन किया तथा सामग्री क्रय कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
 मौके पर वरीय शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि बच्चों में शिक्षा के अलावा व्यवसायिक कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए बाल मेला में भोज्य पदार्थ के स्टाल स्कूल के बच्चों के द्वारा लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मेले में बच्चों ने घर के बनाए हुए व्यंजन एवं पकवानों का स्टॉल लगाकर इस माध्यम से व्यापार प्रबंधन नीति एवं कार्यक्रम की बारीकियों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि आज यह बच्चे स्वयं ग्राहक एवं बिक्रेता की भूमिका में किसी भी धर्म, जात से परे बच्चों ने भोजन का आपस में खरीद-बिक्री कर बाल मेला का आनंद उठाया। उन्होंने कहा कि बाल मेला जैसे आयोजन विद्यार्थियों में स्वावलंबन, नेतृत्व और रचनात्मकता की भावना विकसित करते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने और विद्यालय व अपने गांव का नाम रोशन करने का भी आग्रह किया।
अरविंद कुमार शुक्ला ने कहा कि विद्यालय में बाल मेला बच्चों के लिए रचनात्मकता, उद्यमिता और मौज-मस्ती का एक अनूठा मंच है। 
शिक्षक मो. रिज़वान अफताब ने इस बाल मेले को समग्र व्यक्तित्व विकास का एक प्रभावी मंच बताया, जबकि कई अभिभावकों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे बच्चों के शैक्षिक, सामाजिक और नैतिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
मंच संचालन निष्पादित करते हुए शिक्षिका पूजा कुमारी ने कहा- इस कार्यक्रम के द्वारा बच्चों में भी आपसी सदभावना व भाइचारे के भावनाओं के बीज उनके मन में अंकुरित होते हैं।
 इस बाल मेला में आंगनवाड़ी के बच्चे सहित प्राथमिक संभाग के वर्ग एक से पांच तक कुल 8 ग्रुप के बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ हिस्सा लिया। जिन्होंने मेले में समोसा, लिटटी-छोला, गोल गप्पा, पापड़ी-चाट, गुलाब जामुन, रसगुल्ला, झाल-मुरी, मोमोज, ब्रेड पकौड़ा, बर्गर आदि पकवानों का स्टाल लगाए गए। बाल मेला में छोटे-छोटे बच्चों ने मिट्टी के खिलौने बनाकर दर्शकों को अचंभित कर दिया।   
इस कार्यक्रम में राजवीर कुमार, अजय कुमार, रजनीश कुमार, मोहन कुमार, निशांत कुमार, जौशन कुमार, आदित्य कुमार, अनुकूल कुमार, अविनाश कुमार,  खुशी कुमारी, नंदनी कुमारी, लवली कुमारी, स्वीटी कुमारी, जयरानी कुमारी, राधा कुमारी, चाँदनी कुमारी, आरती कुमारी, बाल संसद के प्रधानमंत्री अर्जुन कुमार, शिक्षा मंत्री सोनाली कुमारी सहित शिक्षक व कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानाध्यापक के सेवानिवृत्ति पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन, शिक्षकों और छात्रों ने दी भावभीनी विदाई...!!

सुपुर्दे खाक हुए मो. तस्लीमुद्दीन, संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष कुमार राकेश ने कहा- अलविदा भाई.....!!

शिक्षक नेता के निधन पर ककड़िया में श्रद्धांजलि सभा.....!"