प्रवेशोत्सव के तहत ककड़िया विद्यालय में चलाया गया विशेष नामांकन अभियान....!!
●नामांकन को लेकर पोषक क्षेत्र में निकाली गयी जागरूकता रैली
● स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली
● शत प्रतिशत बच्चों को स्कूल लाने को ले प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ
● घर का मान बढ़ाएंगे,रोज स्कूल जाएंगे
नूरसराय-ककड़िया, 2 मई 2026 : नूरसराय प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ककड़िया स्थित मध्य विद्यालय ककड़िया द्वारा शनिवार को पोषक क्षेत्र में ‘स्कूल चले अभियान’ के तहत प्रभारी शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में सभी शिक्षक सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं आंगन वाड़ी के बच्चे शामिल हुए। बच्चों ने पोषक क्षेत्र के गलियों में भ्रमण किया। इस दौरान “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “हर बच्चा, स्कूल में दाखिला”, “शिक्षा से ही होगा विकास” एवं “तभी आगे बढ़ेगा बिहार”, 'पढ़ेंगे-पढ़ाएंगे, उन्नत देश बनाएंगे', 'आधी रोटी खाएंगे, स्कूल ज़रूर जाएंगे' और 'मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ' जैसे आदि नारे लगाए गए। इन नारों से पूरा पोषक क्षेत्र गूंज उठा।
मौके पर कार्यक्रम में उपस्थित जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) श्री आनंद शंकर ने 6 वर्ष से अधिक आयु के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। शिक्षकों को अपने पोषक क्षेत्र में घर-घर जाकर बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया है। छह साल एवं इससे अधिक आयु का कोई बच्चा स्कूल से बाहर न रहे इसके लिए इस अभियान की शुरुआत की गई है। डीपीओ ने स्वयं नवप्रवेशी बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए भी प्रेरित किया।
मौके पर विद्यालय के प्रभारी शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा ने बताया कि सरकार का उद्देश्य है कि छह से चौदह वर्ष तक का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि कई बार अभिभावक जानकारी के अभाव या आर्थिक तंगी के कारण बच्चों का दाखिला नहीं करा पाते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे परिवारों तक पहुंचना और उन्हें मुफ्त शिक्षा, किताबें, यूनिफॉर्म तथा मिड-डे-मील जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। उन्हें अपने बच्चों का समय पर नामांकन कराने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं विद्यालय से जुड़ाव बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है। ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सभी को सहयोग करना चाहिए। साथ ही अभिभावकों को मध्याह्न भोजन, निःशुल्क पाठ्यपुस्त, पोशाक आदि सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गयी। ग्रामीणों ने रैली का स्वागत करते हुए बच्चों का उत्साह बढ़ाया। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया।
शिक्षक मो. रिजवान अफ़ताब ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों ही समाज के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे अभियान लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
इस आयोजन में कई स्थानीय ग्रामीण, विद्यालय की शिक्षिका अनीता कुमारी, शिक्षक अनुज कुमार, शिक्षक विश्वरंजन कुमार शिक्षक अरविन्द कुमार, मुकेश कुमार, बाल संसद के प्रधानमंत्री आयुष राज, उप प्रधानमंत्री दिव्या भारती, शिक्षामंत्री राशी कुमारी, प्रशिक्षु प्रीती कुमारी, विनीता कुमारी, मुस्कान कुमारी, छात्र-छात्रा खुशी कुमारी, वर्षा कुमारी, राखी कुमारी, नेहा कुमारी, लभली कुमारी, पवन कुमार, आदित्य कुमार, सोनु कुमार तथा विद्यालय परिवार के सदस्यगण उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद