नाई संघ की बैठक में महंगाई पर मंथन, बाल कटिंग व शेविंग के शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव.....
● बिहार में हो केशकला बोर्ड का गठन और मिले स्थायी दुकान
● नाई संघ की बैठक में विभिन्न समस्याओं पर जोरदार चर्चा
बिहारशरीफ, 24 जुलाई 2026: सोहसराय स्थित नाई संघ के सभागार में अखिल भारतीय नाई संघ ट्रेड यूनियन की आवश्यक बैठक गुरुवार की देर शाम जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 65 से अधिक छोटे-बड़े सैलून संचालकों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य विषय बढ़ती महंगाई, सैलून संचालन की बढ़ती लागत और उसके अनुरूप सेवा शुल्क में संशोधन रहा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने सैलून व्यवसाय को भी प्रभावित किया है। दुकान का किराया, बिजली बिल, ब्लेड, क्रीम, शैंपू, हेयर केयर उत्पादों सहित अन्य उपभोग्य सामग्रियों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में वर्षों पुराने शुल्क पर सेवाएं देना सैलून संचालकों के लिए आर्थिक रूप से कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए बाल कटिंग, दाढ़ी बनाने तथा सैलून की अन्य सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई।
मौके पर जिला संयोजक शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि कई वर्षों से बाल कटिंग और शेविंग के रेट में कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं हुआ है, जबकि व्यवसाय चलाने की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। कम आमदनी के कारण सैलून संचालकों के लिए परिवार का भरण-पोषण और व्यवसाय का संचालन चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने बताया कि सामान्यतः संगठन दो वर्ष के अंतराल पर शुल्क की समीक्षा करता है, लेकिन इस बार बढ़ती महंगाई और उपभोग्य सामग्रियों की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण बीच में ही नई दरों पर विचार करना आवश्यक हो गया। उन्होंने कहा- दुसरे राज्यों की तरह बिहार में भी राज्य स्तर पर केश कला बोर्ड की स्थापना किया जाय, रेलवे स्टेशनों पर सैलून खोलने के लिए रियायत दर पर सैलून दुकान आवंटित किया जाय। प्रत्येक वार्ड में नाई समाज के लिए वार्ड स्तर पर 'छौर शेड' का निर्माण जनहित कार्य के लिए वार्ड पार्षद से करवाया जाय। ताकि इस शेड में अंतिम संस्कार, श्राद्ध एवं उत्सवी माहौल का कार्य हो सके। नाई समाज में शिक्षा की बहुत ही कमी है, उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अपने बच्चों को शिक्षित बनाएं। खास तौर पर बेटियों को जरूर स्कूल भेजें।
संघ के उपाध्यक्ष रंजीत कुमार अकेला ने संघ को और अधिक मजबूत बनाने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा समय-समय पर प्रशिक्षण शिविर और जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा।
कोषाध्यक्ष बबलू कुमार ने कहा कि नाई समाज के उत्थान के लिए सभी लोगों को आगे बढ़ने की जरूरत है। समाज को आगे बढ़ाना है तो नाई समाज के प्रबुद्ध लोगों को समाज के प्रति समय देने की जरूरत है।
संगठन के विधि सलाहकार सुवोध कुमार ने कहा कि नाई समाज के लोग जागरूक बनें। अपने अधिकारों के प्रति सजग हों और शिक्षित बने। बिना शिक्षा के विकास संभव नहीं है। नाई समाज से कुरीतियां समाप्त होनी चाहिए। नाई समाज अपने इतिहास को जाने और उस पर चलने का संकल्प लें।
अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर समाज और व्यवसाय के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में लिए गए प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय संगठन की अगली बैठक में सर्वसम्मति से लिए जाने की बात कही गई।
इस अवसर पर जिला निगरानी अध्यक्ष विक्रम कुमार, महासचिव प्रमेन्द्र शर्मा, अधिवक्ता सुरेन्द्र प्रसाद, सुचना मंत्री राजेश कुमार ठाकुर, जनार्दन ठाकुर, अजय कुमार शर्मा समेत जिले के कई सैलून संचालक एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला संयोजक राकेश बिहारी शर्मा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया और बैठक का समापन किया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद