नालंदा में 1 सितंबर से महंगी होगी हजामत, बाल कटिंग 70 रूपये और शेविंग 50 रूपये ....
नाई संघ की बैठक में शुल्क बढ़ाने का निर्णय, बिहार में केशकला बोर्ड गठन और स्थायी दुकान की उठी मांग
बिहारशरीफ, 26 अगस्त। बढ़ती महंगाई के बीच नालंदा जिले में बाल कटवाना और शेविंग कराना अब महंगा होगा। सोहसराय स्थित नाई संघ के सभागार में मंगलवार देर शाम अखिल भारतीय नाई संघ ट्रेड यूनियन की बैठक जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 90 से अधिक छोटे-बड़े सैलून संचालकों ने भाग लिया। बैठक में बाल कटिंग, शेविंग समेत विभिन्न सैलून सेवाओं के शुल्क में वृद्धि का निर्णय लिया गया। नई दरें 1 सितंबर 2026 से लागू होंगी।
जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि सैलून का किराया, बिजली बिल, ब्लेड, क्रीम, शैंपू और अन्य हेयर केयर उत्पादों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में वर्षों से चली आ रही दरों पर सेवाएं देना संचालकों के लिए मुश्किल हो रहा था। बैठक में करीब 10 प्रतिशत शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव पर चर्चा के बाद नई दरें निर्धारित की गईं।
संशोधित दर के अनुसार बाल कटिंग 60 रुपये से बढ़कर 70 रुपये और शेविंग 40 रुपये से बढ़कर 50 रुपये हो जाएगी। फोम शेविंग का शुल्क 90 रुपये, हेड एवं फेस मसाज 250 रुपये, फेशियल 600 रुपये से तथा हेयर स्पा 750 रुपये निर्धारित किया गया है।
संघ के जिला संयोजक एवं शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि कई वर्षों से बाल कटिंग और शेविंग की दरों में उल्लेखनीय बदलाव नहीं हुआ है, जबकि सैलून संचालन की लागत लगातार बढ़ी है। सामान्यतः संगठन दो वर्ष के अंतराल पर शुल्क की समीक्षा करता है, लेकिन इस बार महंगाई और उपभोग्य सामग्रियों की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए समय से पहले दरों में संशोधन करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि नालंदा जिले में अनुमानतः 26 हजार से अधिक नाई की दुकानें हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ सामान्य सैलून संचालकों का प्रतिनिधित्व करता है, प्रीमियम अथवा लक्जरी सैलून का नहीं, जहां बाल कटिंग की दर इससे काफी अधिक होती है।
केशकला बोर्ड गठन की मांग:
संयोजक राकेश बिहारी शर्मा ने बिहार में अन्य राज्यों की तर्ज पर राज्य स्तर पर केशकला बोर्ड के गठन की मांग की। उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर सैलून खोलने के लिए रियायती दर पर दुकान आवंटित करने तथा प्रत्येक वार्ड में नाई समाज के लिए ‘छौर शेड’ का निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन शेडों का उपयोग अंतिम संस्कार, श्राद्ध और अन्य सामाजिक एवं उत्सवी कार्यों के दौरान किया जा सकेगा।
उन्होंने नाई समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए अभिभावकों से बच्चों को शिक्षित करने तथा विशेष रूप से बेटियों को नियमित रूप से स्कूल भेजने का आह्वान किया।
बैठक में उपाध्यक्ष रंजीत कुमार अकेला, कोषाध्यक्ष बबलू कुमार, जिला कार्यकारिणी सदस्य धीरज कुमार, विधि सलाहकार सुवोध कुमार, जिला निगरानी अध्यक्ष विक्रम कुमार, महासचिव प्रमेन्द्र शर्मा, अधिवक्ता सुरेन्द्र प्रसाद, सूचना मंत्री राजेश कुमार ठाकुर, सचिव जनार्दन ठाकुर, सुधीर कुमार शर्मा, भीम ठाकुर, नंदकिशोर कुमार, अजय कुमार शर्मा, अशोक शर्मा समेत कई सैलून संचालक एवं संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में सभी सदस्यों ने संगठन और समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। जिला संयोजक राकेश बिहारी शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद