ककड़िया विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस....।
देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भाषणों से गूंजा विद्यालय परिसर, शहीदों के बलिदान को किया गया नमन
नूरसराय, ककड़िया, 16 अगस्त 2026। मध्य विद्यालय ककड़िया में देशभक्तों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ श्रद्धा, उल्लास और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में राष्ट्रगीत, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं भाषण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना भर दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रभारी शिक्षक जितेंद्र कुमार मेहता, वरीय शिक्षक एवं शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा तथा आचार्य अरविंद कुमार शुक्ल ने संयुक्त रूप से राष्ट्रध्वज फहराया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका पूजा कुमारी ने किया। इसके बाद प्रभारी शिक्षक, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन किया।
इस अवसर पर वरीय शिक्षक एवं शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को देश की आजादी के महत्व और उसके मूल्यों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को स्वतंत्रता अनेक देशभक्तों के त्याग और बलिदान के बाद मिली है। अपनी समृद्ध सभ्यता, संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा के कारण भारत का विश्व में विशिष्ट स्थान है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को संकल्प लेना चाहिए कि वह भारत को विश्वगुरु बनाने में अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से देशभक्तों एवं शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर मातृभूमि के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया।
प्रभारी शिक्षक जितेंद्र कुमार मेहता ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि देशसेवा के लिए सबसे पहले एक अच्छा इंसान बनना आवश्यक है। अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना, बड़ों का सम्मान करना तथा जरूरतमंदों की सहायता करना भी देशसेवा के महत्वपूर्ण कार्य हैं।
कार्यक्रम की संचालिका पूजा कुमारी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा अंग्रेजी शासन से मुक्ति के लिए चले लंबे स्वतंत्रता संग्राम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देशवासियों के दृढ़ संकल्प, आशा और विश्वास के कारण लंबे संघर्ष के बाद भारत को स्वतंत्रता प्राप्त हुई। उन्होंने उन हजारों वीर शहीदों को भी श्रद्धापूर्वक याद किया, जिन्होंने अपने स्वार्थ से ऊपर उठकर मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
मौके पर शिक्षिका ज्ञानवती अनीता कुमारी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें असंख्य बलिदानों के बाद मिली है। इसलिए इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, समर्पण और संघर्ष से प्रेरणा लेने की सीख दी।
शिक्षक सतीश कुमार ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश के विद्यार्थियों पर राष्ट्र के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्हें शिक्षा के साथ-साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश का नेतृत्व करना चाहिए और अपने माता-पिता तथा विद्यालय का नाम रोशन करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने तालियों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर आचार्य अरविंद कुमार शुक्ल, बाल संसद के प्रधानमंत्री आयुष कुमार, शिक्षक अनुज कुमार, सुरेश कुमार, मो. रिजवान आफताब, मुकेश कुमार सहित छात्र-छात्राओं खुशी कुमारी, नंदनी कुमारी, राशी कुमारी, वर्षा कुमारी, अंजली कुमारी, दिव्या भारती, पायल कुमारी, रुचि कुमारी, निम्मी कुमारी, सुषमा कुमारी, बुलबुल कुमारी, आभा कुमारी, सोनम कुमारी, सुमन कुमारी, राधिका कुमारी, पवन कुमार एवं रोहित कुमार सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद