व्यवस्था परिवर्तन के लिए राष्ट्रव्यापी जनांदोलन जरूरी : डॉ. एम. पाल.....

●बामसेफ एवं ऑफसूट विंग के कैडर प्रशिक्षण शिविर में संगठन, संविधान और सामाजिक जागरूकता पर जोर

●सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण, समान शिक्षा प्रणाली और बहुजन आंदोलन को मजबूत बनाने का संकल्प
बिहारशरीफ, 18 अक्टूबर : बामसेफ एवं ऑफसूट विंग की नालंदा जिला इकाई के तत्वावधान में शनिवार देर शाम बिहारशरीफ के बियावानी स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षण संस्थान परिसर में एक दिवसीय कैडर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों बामसेफ सदस्यों एवं मूलनिवासी संघ के प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान संगठनात्मक मजबूती, संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक जागरूकता, समान शिक्षा प्रणाली और व्यवस्था परिवर्तन के लिए जनांदोलन की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बामसेफ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार रमण ने की। शिविर का शुभारंभ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं मान्यवर कांशीराम की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कैडर आधारित संगठन ही हासिल कर सकता है पूर्ण आजादी : डॉ. एम. पाल

शिविर के मुख्य प्रशिक्षक एवं बामसेफ के राष्ट्रीय कार्यसमिति के सक्रिय सदस्य, प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एम. पाल ने कहा कि देश में व्यवस्था परिवर्तन के लिए राष्ट्रव्यापी जनांदोलन खड़ा करना जरूरी है। इसके लिए बड़ी संख्या में प्रशिक्षित कैडरों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कैडर आधारित संगठन ही अपने लक्ष्य की दिशा में प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सकता है।
डॉ. पाल ने कहा कि बामसेफ देश के हजारों गांवों में जनांदोलन तैयार करने की दिशा में प्रयासरत है। उन्होंने आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन, लोकतंत्र के चारों स्तंभों—विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और प्रेस—में समान अवसर तथा समान शिक्षा प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को अपने पुरखों की विरासत, संघर्ष और विचारधारा को समझते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
राजनीतिक सत्ता में भागीदारी के बिना नहीं बदलेगी व्यवस्था : डॉ. राजीव रंजन

बामसेफ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रख्यात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि सामाजिक समस्याओं के समाधान और व्यवस्था परिवर्तन के लिए राजनीतिक सत्ता में भागीदारी महत्वपूर्ण है। जब तक कार्यकर्ता इस दिशा में प्रशिक्षित होकर संगठित प्रयास नहीं करेंगे, तब तक अपेक्षित परिवर्तन संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना, योग्य लोगों की पहचान करना और उन्हें संगठन से जोड़ना आंदोलन की सफलता के लिए आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरंतर प्रयासों से संगठन अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ेगा।
प्रशिक्षण से बढ़ेगी वैचारिक स्पष्टता : राकेश बिहारी शर्मा

बामसेफ के जिला उपाध्यक्ष एवं शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य साथियों में ज्ञान, वैचारिक स्पष्टता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कई सेवाकर्मी साथी नौकरी की व्यस्तता के कारण सामाजिक कार्यों के लिए समय नहीं निकाल पाते। उन्हें समाज और संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए समय निकालना होगा। उन्होंने कहा कि कुछ कार्यकर्ता शिकायत करते हैं कि वे समाज के लिए काम करते हैं, लेकिन समाज का अपेक्षित सहयोग नहीं मिलता। यह आत्मचिंतन का विषय है। समाज के लोगों की मानसिकता, परिस्थितियों और व्यवहार को समझकर ही अपनी बात प्रभावी ढंग से रखी जा सकती है।
संविधान और सामाजिक चेतना पर हुआ मंथन :

पी.पी.आई.डी. के राज्य अध्यक्ष सूरज यादव एवं कोषाध्यक्ष रंजीत पासवान ने संगठन, सामाजिक जागरूकता, संविधान, मूलनिवासी समाज के इतिहास और बहुजन आंदोलन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार रखे।
संविधान प्रबोधक मू. केशो जमादार ने कहा कि चुनाव के दौरान मतदाताओं का आर्थिक प्रलोभन में आकर मतदान करना लोकतांत्रिक चेतना के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि लोगों को संवैधानिक अधिकारों, मतदान के महत्व और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से शिविर में प्राप्त ज्ञान का उपयोग संगठनात्मक जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने में करने की अपील की।

शिक्षण संस्थान के निदेशक सम्मानित :
इस अवसर पर बामसेफ के राष्ट्रीय सदस्य डॉ. एम. पाल, जिलाध्यक्ष राजेश कुमार रमण, जिला उपाध्यक्ष राकेश बिहारी शर्मा, सचिव मो. जाहिद हुसैन एवं संविधान प्रबोधक मू. केशो जमादार ने संयुक्त रूप से महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षण संस्थान, बियावानी के निदेशक शिवराम प्रसाद को संविधान की प्रति एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
संगठन की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत :

समापन सत्र में बामसेफ के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार रमण ने संगठन की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और सामाजिक चेतना के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने शिविर की सफलता के लिए सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बामसेफ के जिला सचिव मो. जाहिद हुसैन, मूलनिवासी संघ के प्रदेश महासचिव रंजीत पासवान, सरदार भाई वीर सिंह, रामाश्रय पासवान, अधिवक्ता आशुतोष कुमार, अधिवक्ता कल्याण कुमार, शिव कुमार पासवान, अरुण कुमार, राजकुमार रविदास, विक्रम कुमार, सुभाष कुमार, गोपाल कृष्ण, विपिन कुमार दास, सुधीर रजक, राजो पासवान, राजेश कुमार एवं वाल्मीकि पासवान सहित सैकड़ों सदस्यों ने भाग लिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानाध्यापक के सेवानिवृत्ति पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन, शिक्षकों और छात्रों ने दी भावभीनी विदाई...!!

सुपुर्दे खाक हुए मो. तस्लीमुद्दीन, संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष कुमार राकेश ने कहा- अलविदा भाई.....!!

शिक्षक नेता के निधन पर ककड़िया में श्रद्धांजलि सभा.....!"