बाबा धर्मदास मंदिर निर्माण को लेकर नाई समाज लामबंद, नई कमेटी गठित....।।

●सरथा में अर्धनिर्मित मंदिर को जल्द पूरा करने का संकल्प; राजबल्लभ ठाकुर अध्यक्ष, राकेश बिहारी शर्मा ने सामूहिक सहभागिता पर दिया जोर

●दान संग्रह में पारदर्शिता के लिए रसीद पर लगेगा क्यूआर कोड, निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्णय
हरनौत (सरथा), 22 अक्टूबर 2026:  नाई समाज के आराध्य बाबा धर्मदास के अर्धनिर्मित मंदिर को भव्य स्वरूप देने की मुहिम तेज हो गई है। नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड अंतर्गत सरथा में बुधवार की देर शाम मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के लिए नई कमेटी का गठन किया गया। बैठक में मंदिर निर्माण को गति देने, आर्थिक संसाधन जुटाने और समाज की सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अखिल भारतीय नाई संघ (ट्रेड यूनियन) के जिला संयोजक एवं शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा की अध्यक्षता तथा संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा के संचालन में हुई बैठक में सर्वसम्मति से राजबल्लभ ठाकुर को अध्यक्ष, अनिरुद्ध शर्मा उर्फ पप्पू शर्मा को सचिव, नवीन शर्मा को कोषाध्यक्ष, शिप्पू ठाकुर उर्फ शशि रंजन सुमन को महासचिव और अमरकान्त ठाकुर को मंदिर निर्माण समिति का संयोजक मनोनीत किया गया। वहीं, प्रवेश शर्मा को समिति का संरक्षक बनाया गया।
मंदिर निर्माण कार्य की निगरानी एवं संचालन के लिए कृष्ण बल्लभ ठाकुर, संजय कुमार, गेंधारी ठाकुर, राजकुमार शर्मा, सुभाष ठाकुर, संजय शर्मा, तनुज कुमार शर्मा, सूरज कुमार, इंद्रजीत शर्मा और रजनीकांत कुमार को सदस्य बनाया गया।
‘श्रद्धा को भव्य मंदिर का स्वरूप देने के लिए समाज आगे आए’ :

बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि बाबा धर्मदास के प्रति समाज की श्रद्धा को भव्य मंदिर के रूप में साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। इसके लिए नाई समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न कमेटियों को एकजुट होकर जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने मंदिर निर्माण की प्रगति की समीक्षा के लिए नियमित बैठकें आयोजित करने और निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बाबा धर्मदास जी नाई समाज के कुलदेवता के रूप में पूजनीय हैं। उनके प्रति आस्था और सम्मान देशभर में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से प्रकट किया जाता है। ऐसे में मंदिर का निर्माण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, सहभागिता और सामूहिक संकल्प का भी प्रतीक है।
‘एकजुटता और सहयोग से ही पूरा होगा मंदिर निर्माण’ :

अखिल भारतीय नाई संघ (ट्रेड यूनियन) के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि बाबा धर्मदास मंदिर का निर्माण पूरे नाई समाज की आस्था, प्रतिष्ठा और एकजुटता से जुड़ा विषय है। मंदिर के अर्धनिर्मित रहने से हमारा सामूहिक संकल्प अधूरा है। इसे जल्द पूरा करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग देना चाहिए।
 जनवादी नेता शिप्पू ठाकुर उर्फ शशि रंजन सुमन ने कहा कि नई कमेटी का गठन मंदिर निर्माण को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कमेटी के सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम करें, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर मंदिर निर्माण अभियान को सफल बनाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था एवं सामाजिक एकता का एक भव्य केंद्र तैयार करने में सहभागी बनें।
क्यूआर कोड से जुटेगा सहयोग, पारदर्शिता पर रहेगा जोर :

भूमिदाता एवं मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष राजबल्लभ ठाकुर ने मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने की ठोस पहल का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि दान एवं समर्पण निधि की रसीद पर क्यूआर कोड लगाया जाए, ताकि श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार डिजिटल माध्यम से मंदिर निर्माण समिति के खाते में सहयोग राशि जमा कर सकें। इससे दान देने की प्रक्रिया आसान होगी और आर्थिक सहयोग के संग्रह में पारदर्शिता बढ़ेगी।

निर्माण में तेजी लाने का सामूहिक संकल्प :
बैठक में अर्धनिर्मित मंदिर का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने, समिति को संगठनात्मक एवं आर्थिक रूप से मजबूत बनाने तथा समाज द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने पर सहमति बनी। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों से मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी सक्रियता से निभाने की अपेक्षा की गई।
इस दौरान धीरज कुमार, डॉ दिवाकर शर्मा, परमीत कुमार, सोनू कुमार, उपेंद्र शर्मा, कृष्ण बल्लभ ठाकुर, चंदन शर्मा, संजीत कुमार, बृजबल्लभ ठाकुर, नवीन ठाकुर, सूरज ठाकुर, रजनीकांत ठाकुर, अमरेंद्र शर्मा सहित दर्जनों लोगों ने भाग लिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानाध्यापक के सेवानिवृत्ति पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन, शिक्षकों और छात्रों ने दी भावभीनी विदाई...!!

सुपुर्दे खाक हुए मो. तस्लीमुद्दीन, संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष कुमार राकेश ने कहा- अलविदा भाई.....!!

शिक्षक नेता के निधन पर ककड़िया में श्रद्धांजलि सभा.....!"