विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस पर विशेष : लोग पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाएं ..!

लेखक :- साहित्यकार राकेश बिहारी शर्मा, महासचिव साहित्यिक मंडली शंखनाद
पर्यावरण की करो रक्षा, बच्चो को पहले ये शिक्षा।, पर्यावरण की हो सुरक्षा, जिससे बढ़कर नहीं तपस्या।
प्रतिवर्ष सम्पूर्ण विश्व में 26 नवम्बर को "विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस" मनाया जाता है। यह दिवस पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने एवं लोगों को जागरूक करने के सन्दर्भ में सकारात्मक कदम उठाने के लिए मनाते हैं। वर्ष 1992 के 26 नवम्बर से विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस मनाने की शुरुआत हुई थी। विश्व के विद्वानों द्वारा किये गये कई अध्ययनों से पता चला है कि लोगों की शारीरिक क्षमता दिन-ब-दिन कम होती जा रही है और बीमारियाँ बढ़ती जा रही हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह पर्यावरण का ख़राब होना है। विडम्बना यह है कि आज के आधुनिक स्मार्ट युग में ज़्यादातर लोग पर्यावरण के प्रति लापरवाह होते जा रहे हैं और जाने-अनजाने पर्यावरण को ख़राब कर रहे हैं।आज ज़्यादातर लोगों को न तो पर्यावरण का मतलब पता है और न ही पर्यावरण से उन्हें कोई मतलब है। इसलिए आज दुनिया की सबसे बड़ी चुनौती धरती पर पर्यावरण सुरक्षा को लेकर बनी हुई है।
वर्ष 1992 से हर साल 26 नवंबर को पर्यावरण संरक्षण दिवस मनाया जाता है। सन् 1972 से हर साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। लेकिन इन दशकों में ही पर्यावरण को सबसे ज़्यादा नुक़सान पहुँचाया गया है। विश्व के पर्यावरण प्रेमी और पर्यावरण संरक्षण के नाम पर अपनी जेबें भरने वाले लोग हर साल सिर्फ़ 26 नवंबर को विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस के बहाने बिगड़ते जा रहे पर्यावरण को रोना-धोना करके शांत और निष्क्रिय हो जाते हैं। फिर भी हर साल करोड़ों रुपये पर्यावरण संरक्षण के नाम पर पानी की तरह बहाया जाता है। हालात यह हैं कि अपने फ़ायदे के लिए पर्यावरण ख़राब करने की मंशा वाले पूँजीपति पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने वालों पर भारी पड़ते जा रहे हैं। उदाहरण के लिए दवा कम्पनियों के मालिकों को ही लें, तो वे कभी नहीं चाहते कि धरती का पर्यावरण शुद्ध रहे।
साफ़ है कि पर्यावरण ख़राब होगा, तो लोग ज़्यादा-से-ज़्यादा बीमार पड़ेंगे और दवा कम्पनियों का धंधा चलेगा। दवा कम्पनियों की तरह ही प्रदूषण करने वाले कारख़ाने, धरती पर बढ़ती गंदगी और धरती में लगातार बैठते गंदे पानी और घटते जंगलों से भी पर्यावरण को गंभीर नुक़सान हो रहा है। आज हमारा पर्यावरण इस हालत तक ख़राब हो चुका है कि अगर दुनिया के सभी लोग उसे सुधारने का प्रयास करें, तो भी इसे अच्छे स्तर का बनाने में कम-से-कम तीन-चार दशक का समय लग जाएगा।
प्रदूषण से होने वाले नुक़सान

अब तक पर्यावरण को लेकर किये गये अध्ययनों की रिपोट्र्स से यह पता चलता है कि पर्यावरण प्रदूषित होने से पशु-पक्षियों और इंसानों से लेकर हर तरह के जीव-जंतु को नुक़सान पहुँच रहा है। हमारा पर्यावरण इतना प्रदूषित हो चुका है कि इसके प्रभाव से समुद्री जीवों और वनस्पतियों का जीवन भी ख़तरे में पड़ता जा रहा है।
पर्यावरण प्रदूषण से प्राकृतिक असंतुलन पैदा हो रहा है, जिससे बीमारियाँ बढऩे के साथ-साथ पशु-पक्षियों और लोगों की शारीरिक क्षमता कमज़ोर होती जा रही है। इससे धरती का जीवन-चक्र बिगड़ रहा है, जिससे वह अपनी पाश्चुरीकृत क्षमता को खोती जा रही है। साथ ही तरह-तरह के प्रदूषणों से कई तरह की विषैली गैसें पैदा हो रही हैं और जीवनदायिनी गैसों की मात्रा घट रही है। कई वैज्ञानिक तो पर्यावरण प्रदूषण के चलते यहाँ तक चेतावनी दे चुके हैं कि अगर इसी प्रकार धरती पर ऑक्सीजन घटती गयी, तो आने वाले समय में हमारी पीढिय़ों को जीवनदायिनी ऑक्सीजन की पूर्ति के लिए अपनी पीठ पर ऑक्सीजन सिलेंडर लादना पड़ सकता है।
कोरोना काल में ऑक्सीजन के लिए मारामारी

कोरोना महामारी में ऑक्सीजन के लिए हुई मारामारी से इसे समझा जा सकता है। अपने फ़ायदे के लिए लोगों ने प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और दुरुपयोग से ख़ुद के लिए ही मुसीबतें पैदा की हैं। पर्यावरण प्रदूषण के चलते इंसानों के साथ-साथ कई तरह के पशु-पक्षियों का जीवन संकट में है। कई प्रकार के पशु-पक्षी विलुप्त हो चुके हैं और कई विलुप्त होने के कगार पर हैं। पर्यावरण में तेज़ी से बढ़ रही क्लोरोफ्लोरो कार्बन गैस (सीएफसी) के चलते ओजोन का विघटन तेज़ी से हो रहा है। सन् 1980 में ही वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी थी कि ओजोन स्तर का विघटन धरती के चारों ओर हो रहा है। स्थिति यह है कि दक्षिण ध्रुव के विस्तार में ओजोन स्तर का विघटन 40 से 50 फ़ीसदी तक हो चुका है।

पर्यावरण के प्रति वैज्ञानिकों का मत 

वैज्ञानिकों का मत है कि इंसानों की बढ़ती आबादी के चलते बढ़ते शहरीकरण के चलते ओजोन परत में छेद बढ़ रहे हैं। अब तक के अध्ययनों का निचोड़ बताता है कि इंसानों की बढ़ती आबादी और उसकी ज़रूरतों को पूरा करने की होड़ से पर्यावरण को पहुँचने वाला नुक़सान भी बढ़ता जा रहा है। इंसानी आबादी कम करने के साथ-साथ इंसानों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली ख़तरनाक चीज़ों पर भी पाबंदी ज़रूरी है, जिसमें प्लास्टिक, मिलावटी खाद्य पदार्थ और नशीले पदार्थों पर प्रतिबंध सबसे ज़्यादा ज़रूरी है।

पर्यावरण संरक्षण क़ानून और वर्तमान में उसके परिणाम 

चिपको आंदोलन का यह नारा आज भी देश में प्रासंगिक है और यह पर्यावरण के महत्व को दर्शाता है। “क्या हैं जंगल के उपकार, मिट्टी, पानी और बयार। मिट्टी, पानी और बयार, जिंदा रहने के आधार”। पर्यावरण संरक्षण को लेकर दुनिया भर में कई क़ानून बने हैं, लेकिन उनका कड़ाई से पालन न होने के चलते पर्यावरण को होने वाले नुक़सानों को आज तक नहीं रोका जा सका है। भारत में पर्यावरण संरक्षण को लेकर सन् 1969 में केंद्र सरकार ने एक विधेयक तैयार किया था, जिसे 30 नवम्बर, 1972 को संसद में प्रस्तुत किया गया। दोनों सदनों से पास होने के बाद इस विधेयक को 23 मार्च, 1974 को राष्ट्रपति की स्वीकृति मिली।
जल प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम-1974 के नाम से बना यह क़ानून 26 मार्च, 1974 से पूरे देश में लागू है; लेकिन जल प्रदूषण आज चरम पर है। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण के लिए वायु प्रदूषण एवं नियंत्रण अधिनियम-1981 बना, जो 16 मई, 1987 से क़ानून के रूप में देश भर में लागू है। इस क़ानून के तहत मुख्यत: वाहनों और कारख़ानों से निकलने वाले धुएँ और गंदगी का स्तर निर्धारित करना और उसे नियंत्रित करना है।
इसके अलावा सन् 1952 में भारतीय वन्यजीव बोर्ड का गठन किया गया। इस बोर्ड के अंतर्गत वन्य-जीवन पार्क और अभयारण्य बनाये गये। इसके बाद वन्य जीवन संरक्षण अधिनियम-1972 बना, जिसके तहत शेरों के संरक्षण के लिए सन् 1972 में, बाघों के संरक्षण के लिए 1973 सन् में, मगरमच्छों के संरक्षण के लिए 1984 में और इसी तरह अन्य पशुओं के संरक्षण के लिए अलग-अलग समय पर अधिनियम बने। इसके बाद वन संरक्षण अधिनियम-1980 भी बना। इसके बावजूद भारत में न तो पर्यावरण संरक्षित हो पा रहा है और न ही इसे प्रभावित करने वाले लोगों को सजा दी जा रही है।
वर्तमान में कैसे बचेगा पर्यावरण

पर्यावरण का संरक्षण तभी सम्भव है, जब लोगों में इसके प्रति जागरूकता पनपेगी और ज़्यादा-से-ज़्यादा लोग पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाएँगे। इसके लिए सबसे पहले लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना होगा और उन्हें पर्यावरण ख़राब होने से होने वाले नुक़सानों को बताना होगा। स्कूल स्तर पर ही पर्यावरण के बारे में बच्चों को पढ़ाना होगा। हर आदमी को पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना होगा और बताना होगा कि वह हर साल दो-चार पौधे लगाने का संकल्प लेने के साथ-साथ वृक्षों को काटने से बचाए। इसमें सबसे महत्त्वपूर्ण भागीदारी किसानों की हो सकती है, जो हमेशा से प्रकृति और पर्यावरण प्रेमी रहे हैं। किसानों के साथ-साथ शहरी लोगों को पर्यावरण के प्रति सबसे ज़्यादा जागरूक करने की ज़रूरत है। उन्हें बताना होगा कि वृक्षविहीन कंक्रीट के शहरों में ज़्यादा-से-ज़्यादा पौधरोपण करना होगा।
यह बड़ी सच्चाई है कि शहरी सभ्यता में रहने वाले ख़ुद को आधुनिक और समझदार ज़रूर समझते हैं; लेकिन पर्यावरण को सबसे ज़्यादा नुक़सान शहरी लोग ही पहुँचा रहे हैं। यह कहने में कोई संकोच नहीं करना चाहिए कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सबसे ज़्यादा लापरवाह यही शहरी लोग हैं, जिनकी मूर्खता का नतीजा पूरी दुनिया भुगत रही है। जंगलों को काटकर इन कंक्रीट के जंगलों को बढ़ाने की होड़ ने पर्यावरण को जो नुक़सान पहुँचाया है, उसकी भरपाई करना आसान नहीं है।

जंगलों को माफिया और आग से बचाना होगा

इसके अलावा जंगलों को माफिया के साथ-साथ आग से बचाना होगा। इसमें कोई दो-राय नहीं कि आदमी के लिए अब आधुनिक सुविधाओं को छोड़ पाना सम्भव नहीं है; लेकिन आधुनिकता के साथ-साथ पूर्वजों के शिक्षाओं पर भी हर आदमी को चलना होगा, अन्यथा जीवन संकट में पड़ जाएगा। जैसे कि कारख़ानों को ख़त्म नहीं किया जा सकता, क्योंकि आधुनिक ज़रूरतों को पूरा करने में इनका बड़ा योगदान है; लेकिन कारख़ानों से होने वाले प्रदूषण को कम ज़रूर किया जा सकता है।
इसी तरह धरती पर फैलने वाले प्रदूषणों को रोकने का प्रयास भी किया जा सकता है। आज पर्यावरण को नुक़सान पहुँचाने वाले सभी तरह के प्रदूषण, जल प्रदूषण, वायु प्रदूषण, थल प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण आदि को कम करने की आवश्यकता है, अन्यथा आने वाली पीढिय़ों के लिए जीवन जीना और भी दुश्वार होता जाएगा। इसका सबसे अच्छा उपाय इंसानों की बढ़ती आबादी को रोकना और पेड़-पौधों की संख्या को बढ़ाना है। इसके अलावा हर किसी को अपने स्तर पर जलवायु शुद्धिकरण में योगदान देना होगा, तभी हमारा पर्यावरण अच्छा होगा और विश्व पर्यावरण दिवस व विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस मनाना सफल हो सकेगा।
पर्यावरण संरक्षण के उपाय

वैसे तो ऐसी कोई तेज़ तकनीक नहीं है, जिससे कि पर्यावरण प्रदूषण पर तुरंत काबू पाया जा सके। परंतु मनुष्य अपने छोटे-छोटे प्रयासो से इस समस्या को कम जरूर कर सकता है। यहा हम कुछ बाते बताना चाहेंगे जिनका खयाल रखकर शायद पर्यावरण प्रदूषण पर काबू पाया जा सकता है, जैसे:- आज तक जो कारखाने स्थापित हो चुके है, उन्हे उठाकर कही और शिफ्ट करना तो संभव नहीं है, परंतु अब सरकार को यह ध्यान रखना जरूरी है कि जो नये कारखाने खुले वो शहर से दूर हो। उनके द्वारा किया गया प्रदूषण शहर की जनता को प्रभावित न करे। मनुष्य को जितना हो सके अपने द्वारा किए गए प्रदूषण पर काबू पाना चाहिए, जैसे जहा संभव हो वाहनो का उपयोग कम करे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करके भी इस समस्या को कम करने मे कुछ योगदान किया जा सकता है। जंगलो की कटाई पर कड़ी सजा दी जानी चाहिए तथा नये पेड़ो को लगाए जाने वाले व्यक्ति या पर्यावरण प्रेमियों, समाजसेवियों को रिवार्ड देना चाहिए। कारखानो के हानिकारक पदार्थ को रिफ्रेश करके उसे पुनः उपयोग करना चाहिए। साथ ही साथ और भी कई कार्य किये जा सकते हैं जैसे कि - *घर की खाली जमीन, बालकनी, छत पर पौधे लगायें, *ऑर्गैनिक खाद, गोबर खाद या जैविक खाद का उपयोग करें, *कपड़े के बने झोले-थैले लेकर निकलें, पॉलिथीन-प्लास्टिक न लें, *खिड़की से पर्दे हटायें, दिन में सूरज की रोशनी से काम चलायें, *सोलर पैनल लगवायें, सोलर कुकर में खाना बनायें, *लीक हो रहे नल ठीक करवायें। शॉवर लेने की बजाय बाल्टी से नहायें, *बल्ब की जगह पर सीएफ़एल या एलईडी बल्ब लगायें, *आस-पास जाने के लिए बाइक की बजाय साइकिल, पैदल जायें, *लोगों को बर्थडे, त्योहार पर पौधे गिफ्ट करें, *कमरे से निकलने पर टीवी, लाइट, फैन, एसी बंद कर दें, *कपड़ा धोने से बचे पानी को पौधों में डाल दें या जमीन धोएं, *प्लास्टिक बोतल की जगह कांच, स्टील या तांबे की बॉटल प्रयोग करें, *शाकाहारी बनें, मांसाहार का सेवन कम करें या बंद करें, *मंजन या शेविंग करते समय मग में पानी लें, नल न चलायें, *बिना उपयोग मोबाईल, लैपटॉप चार्जर को प्लग में न लगे रहने दें, *प्लास्टिक कप, प्लेट की जगह मिट्टी के कुल्हड़, कागज या पत्ते के बने प्लेट अपनायें, *प्लास्टिक के खाली डब्बों में सामान रखें या पौधे लगायें, *गाड़ी के पहिये में हवा चेक करवाते रहें इससे पेट्रोल बचता है, *लिफ्ट की बजाय सीढ़ियों का उपयोग करें, *कागज के दोनों तरफ प्रिन्ट लें, फालतू प्रिन्ट न करें, *खुद की गाड़ी के बजाय ट्रेन, बस, मेट्रो, शेयर कैब से यात्रा करें, *अच्छी इलेक्ट्रिसिटी सेविंग रेटिंग वाले उपकरण खरीदें, *महंगे एयर प्युरीफायर की बजाय हवा साफ करने वाले पौधे लगायें, आज दुनिया में कुछ ऐसे होनहार इंजीनियर्स हैं जो वैकल्पिक ऊर्जा की नित नई व्यावहारिक योजनाएं सामने ला रहे हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ककड़िया विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया जनजातीय गौरव दिवस, बिरसा मुंडा के बलिदान को किया याद...!!

61 वर्षीय दस्यु सुंदरी कुसुमा नाइन का निधन, मानववाद की पैरोकार थी ...!!

ककड़िया मध्य विद्यालय की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन...!!