पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 37वीं पुण्यतिथि पर विशेष ..!!

लेखक :- साहित्यकार राकेश बिहारी शर्मा, महासचिव शंखनाद साहित्यिक मंडली

चौधरी चरण सिंह भारतीय राजनीति और किसानों के जीवन में अपने नाम की ऐसी छाप छोड़कर गए हैं कि शायद ही कोई और जननेता इसकी बराबरी पर कहीं खड़ा हो भी सके। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की आज दिन बुधवार 29 मई को 37वीं पुण्यतिथि है। चौधरी चरण सिंह भारत के पांचवें प्रधानमंत्री थे, चरण सिंह किसानों की आवाज बुलन्द करने वाले प्रखर नेता माने जाते थे।  

चौधरी चरण सिंह का जन्म शिक्षा और पारिवारिक जीवन 

किसान नेता भारत रत्न चौधरी चरण सिंह का जन्म 23 दिसम्बर, 1902 को उत्तर प्रदेश के मेरठ ज़िले के नूरपुर ग्राम में एक मध्यम वर्गीय कृषक परिवार में हुआ था। वे जाट जाति के तेवतिया गोत्र के एक छोटे किसान मीर सिंह और उनकी पत्नी नेत्र कौर की पांच संतानों में सबसे बड़े थे।
चौधरी चरण सिंह के जन्म के 6 वर्ष बाद चौधरी मीर सिंह सपरिवार नूरपुर से जानी खुर्द के पास भूपगढी आकर बस गये थे। चौधरी चरण सिंह को यहीं से किसानों का मसीहा बनने की प्रेरणा प्राप्त हुई। चौधरी चरण सिंह को परिवार में शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हुआ था। स्वयं इनका भी शिक्षा के प्रति अतिरिक्त रुझान रहा था। मैट्रिकुलेशन के लिए इन्हें मेरठ के सरकारी उच्च विद्यालय में भेज दिया गया। 1923 में 21 वर्ष की आयु में इन्होंने विज्ञान विषय में स्नातक की उपाधि प्राप्त कर ली। दो वर्ष के पश्चात् 1925 में चौधरी चरण सिंह ने कला स्नातकोत्तर की परीक्षा उत्तीर्ण की। आगरा विश्वविद्यालय से कानून की शिक्षा लेकर 1928 में चौधरी चरण सिंह ने गाजियाबाद में वकालत प्रारम्भ की। वकालत जैसे व्यावसायिक पेशे में भी चौधरी चरण सिंह उन्हीं मुकद्मों को स्वीकार करते थे जिनमें पक्ष न्यायपूर्ण होता था। चौधरी चरण सिंह का व्यक्तित्व साफ छवी का था वो अपनी छवी पर एक दाग भी नहीं लगने देना चाहते थे। 1929 में चौधरी चरण सिंह का विवाह मेरठ में जाट परिवार की ही लड़की से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सम्पंन हुआ। स्वतंत्रता संग्राम उन दिनों चरम पर था ऐसे में चौधरी चरण सिंह कैसे पीछे हट सकते थे उन्होंने अपनी वकालत छोड़ कर स्वतंत्रता की लड़ाई में शामिल होना जरुरी समझा। वो कांग्रेस से जुड़ गए जो उस समय सबसे बड़ी पार्टी थी। कांग्रेस में उन्हें प्रमुख कार्यकर्ता के रुप मे जाना जाता था। 

चौधरी चरण सिंह का राजनैतिक जीवन

चौधरी चरण सिंह किसानों के नेता माने जाते रहे थे। उनके द्वारा तैयार किया गया जमींदारी उन्मूलन विधेयक राज्य के कल्याणकारी सिद्धांत पर आधारित था। जादी के प्रति चौधरी चरण सिंह दीवाने थे। कांग्रेस के लाहौर अधिवेशन में पूर्ण स्वराज का प्रस्ताव पारित हुआ था, जिससे प्रभावित होकर युवा चौधरी चरण सिंह राजनीति में सक्रिय हो गए। उन्होंने गाजियाबाद में कांग्रेस कमेटी का गठन किया। 1930 में जब महात्मा गांधी ने सविनय अवज्ञा आंदोलन का आह्वान किया तो उन्होंने हिंडन नदी पर नमक बनाकर उनका साथ दिया। जिसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़ा। किसानों के हित में उन्होंने 1954 में उत्तर प्रदेश भूमि संरक्षण कानून को पारित कराया। 3 अप्रैल 1967 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। जिसके बाद 17 अप्रैल 1968 को उन्होंने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। 28 जुलाई 1979 को चौधरी चरण सिंह समाजवादी पार्टियों तथा कांग्रेस के सहयोग से प्रधानमंत्री बने। साल 1977 में वो केंद्र सरकार में उप-प्रधानमंत्री और गृह मंत्री बने। वह आजादी की लड़ाई और आपातकाल में जेल में रहे। इंदिरा गांधी ने एक महीने के भीतर ही चरण सिंह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से समर्थन वापस ले लिया था। यह राजनीति की हैरान करने वाली घटना थी। साथ ही दूसरी घटना यह हुई कि चरण सिंह ने संसद का सामना किए बिना प्रधानमंत्री पद से हट गए। बड़े नेताओं की राजनीतिक उच्चाकांक्षा के कारण जनता पार्टी में टूट के बाद 15 जुलाई, 1979 को मोरारजी देसाई ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस और सीपीआई के समर्थन से जनता (एस) के नेता चरण सिंह 28 जुलाई, 1979 को प्रधानमंत्री बने।  

चौधरी चरण सिंह का निधन

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और किसानों के लोकप्रिय नेता चौधरी साहब का निधन आज के दिन हुआ था। 29 मई 1987 को 85 साल के आयु में अंतिम सांस ली। किसानों के लिए उनका समर्पण इतना ज्यादा था कि उनके जन्मदिन को किसान दिवस के रूप में मनाया जाता है और जब भी किसानों के हितों की बात की जाती है तो आज भी चौधरी चरण सिंह का नाम सामने आता है। उनका समाधी स्थल दिल्ली में है। चौधरी चरण सिंह दो बार मुख्यमंत्री व देश के प्रधानमंत्री रहने के बावजूद सादगी की मूर्ति और आमजन के हितैषी थे। 
किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह का निधन हुए भले ही 37 साल बीत गए हों। मगर वह आज भी भारतीय किसानों के दिलों में बसते हैं। वह किसानों के हित की लड़ाई हमेशा लड़ते रहे और सत्ता में रहते हुए किसानों के हित में कई बड़े फैसले भी लिए।
किसानों के हितैसी चौधरीजी ने सत्ता हाथ में आते ही जमींदारी का खात्मा कर दिया। रातों-रात किसानों को जमीन का मालिक बनाया। चकबंदी कर अलग-थलग पड़े किसानों के खेत एक जगह कर दिए। मंडल कमीशन का गठन कर सामाजिक न्याय की लड़ाई की नींव पुख्ता की।  
दुनिया को अलविदा कहते वक्त उनके पास न अपना कोई घर था, न खेती की जमीन और न कार। बीमारी से लड़ने में 22 हजार के बैंक बैलेंस में से केवल 4500 की रकम बची थी। उनके पास न खेती थी और न अंतिम वक्त में अपना निजी मकान। वह जीवन भर गांव, गरीब, किसान और खेत के लिए लड़े। हालात कभी उनका हौसला तोड़ न सके। बेहतरी की जंग के जज्बे ने उन्हें किसानों का मसीहा बना दिया। इसी पूंजी के बदौलत वह किसानों के दिलों में आज भी बसते हैं।
गरीबों से जुड़े थे चौधरी साहब

 

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री होने के साथ ही साथ चौधरी चरण सिंह कृषि अर्थव्यवस्था की गहरी समझ रखने वाले उच्च कोटि के विद्धान, लेखक एवं अर्थशास्त्री थे। चौधरी साहब किसान आंदोलन के शिखर पर लगभग पांच दशक तक छाए रहे। उन्होंने सरकारी नौकरियों में कृषकों और कृषि मजदूरों के बच्चों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण की मांग की थी।

कुशल लेखक की गुण भी थे चौधरी साहब के अंदर

चौधरी चरण सिंह जमींदारी और महाजनी व्यवस्था का खात्मा चाहते थे। वे किसानों की सत्ता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने किसान की कर्ज मुक्ति की बात की। उन्होंने जमींदारी खत्म करके किसानों को राहत प्रदान की।चौधरी चरण सिंह एक बड़े लेखक थे और उन्होंने कई किताबें लिखीं। ये एक वकील के साथ ही एक कुशल लेखक भी थे। उनका अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ थी। उन्होंने ‘अबॉलिशन ऑफ़ जमींदारी’, ‘लिजेण्ड प्रोपराइटरशिप’ और ‘इंडियास पॉवर्टी एण्ड इट्स सोल्यूशंस’ नामक पुस्तकों का लेखन भी किया।

किसानों के तरह जीवन यापन करते थे

चौधरी चरण सिंह की व्यक्तिगत छवि एक ऐसे देहाती पुरुष की थी जो सादा जीवन और उच्च विचार में विश्वास रखता था। इनका पहनावा एक किसान की सादगी को दर्शाता था। चौधरी चरण सिंह ने अपना सम्पूर्ण जीवन भारतीयता और ग्रामीण परिवेश की बिताया। चौधरी साहब देश के दलितों, पिछड़ों, गरीबों और किसानों की बेहतरी के लिए संघर्ष किया, उन्हें राजनीति में हिस्सेदार बनाया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ककड़िया विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया जनजातीय गौरव दिवस, बिरसा मुंडा के बलिदान को किया याद...!!

61 वर्षीय दस्यु सुंदरी कुसुमा नाइन का निधन, मानववाद की पैरोकार थी ...!!

ककड़िया मध्य विद्यालय की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन...!!