55 वाँ विश्व पृथ्वी दिवस पर विशेष: पर्यावरण प्रदूषण मनुष्य ही ज़िम्मेदार....!!
मनुष्य को जन्म भले ही माता देती है, लेकिन उसका पालन पोषण इस पृथ्वी पर होता है। इसीलिए हम पृथ्वी को भी माता कहते हैं। पृथ्वी द्वारा प्रदत्त प्राकृतिक चीजों से हम जीवित रहते हैं। इंसान जन्म के बाद अपनी माता के बिना रह सकता है लेकिन पृथ्वी और प्राकृतिक चीजों के बिना वह क्षण भर भी जीवित नहीं रह सकता। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इन सब के बदले में मनुष्य पृथ्वी को क्या देता है? देना तो दूर की बात वह अपनी जरूरतों के लिए प्राकृतिक चीजों को नष्ट कर देता है। ऐसा आज से नहीं बल्कि वर्षों से होता आ रहा है, और इसीलिए पृथ्वी का अब संतुलन बिगड़ रहा है।
हम पृथ्वी के मेहमान हैं, उसके मालिक नहीं हैं। पृथ्वी हमारी धरोहर है, इसकी रक्षा करना हमारा पुनीत कर्त्तव्य है। दुनियाभर में साल में दो दिन पृथ्वी दिवस मनाया जाता है (21 मार्च और 22 अप्रैल) लेकिन, 1970 से हर साल 22 अप्रैल को मनाए जाने वाले विश्व पृथ्वी दिवस का सामाजिक तथा राजनीतिक महत्व है। हमारी भारतीय संस्कृति में पृथ्वी अर्थात धरती को माता का दर्जा दिया गया है। ऐसे में हम सभी भारतीयों के लिए पृथ्वी दिवस का महत्व और भी बढ़ जाता है। ब्रह्मांड में कई ग्रह हैं लेकिन जीवन की संभावना सिर्फ हमारी धरती पर ही संभव है। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी विश्वभर में 22 अप्रैल को पर्यावरण चेतना जाग्रत करने के लिये पृथ्वी दिवस मनाया जा रहा है। लेकिन अब हमे ऐसा लगता है कि यह महज औपचारिकता से ज़्यादा कुछ नहीं है। पृथ्वी के पर्यावरण के बारे में लोगों को जागरूक और प्रेरित करने के लिये पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। ग्लोबल वार्मिंग के रूप में जो परिदृश्य आज हमारे सामने है, ऐसा लगातार बना रहा तो एक दिन ऐसा आएगा जब पृथ्वी से जीव−जंतुओं व वनस्पति का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा।
पृथ्वी दिवस मनाये जाने के कारण एवं आयोजन :
विश्व पृथ्वी दिवस एक वार्षिक आयोजन है जिसे 22 अप्रैल को दुनिया भर में पर्यावरण संरक्षण के लिए आयोजित किया जाता है। जल, जंगल और जमीन इन तीन तत्वों से पृथ्वी और प्रकृति का निर्माण होता है। यदि यह तत्व न हों तो पृथ्वी और प्रकृति इन तीन तत्वों के बिना अधूरी है। विश्व में ज्यादातर समृद्ध देश वही माने जाते हैं जहां इन तीनों तत्वों का बाहुल्य हैं। विश्व पृथ्वी दिवस एक प्रकार का उत्सव है। विश्व पृथ्वी दिवस (डब्ल्यूईडी) पिछले 53 वर्षों के लिए पिछले लक्ष्यों पर विभिन्न नीति निर्माताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की उपलब्धियों का सम्मान करते हुए हर साल 22 अप्रैल को मनाया जाने वाला एक वैश्विक कार्यक्रम है। पृथ्वी के पारिस्थितिकी तंत्र और मानव जाति के साथ इसके संबंधों की रक्षा के लिए कई जागरूकता अभियान और गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। पृथ्वी एक बहुत व्यापक शब्द है जिसमें जल, हरियाली, वन्य-प्राणी, प्रदूषण और इससे जुड़े अन्य कारक शामिल हैं। पृथ्वी को बचाने का आशय है इसकी रक्षा के लिये पहल करना।
विश्व पृथ्वी दिवस मनाने का इतिहास :
लोगों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से पूरे विश्व में पहला पृथ्वी दिवस 22 अप्रैल, 1970 को मनाया गया था, जोकि एक युवा कार्यकर्ता डेनिस हेस के साथ, विस्कॉन्सिन के एक सीनेटर, गेलॉर्ड नेल्सन द्वारा किया गया था। जब उन्होंने 1969 में तेल रिसाव की घटना के नुकसान को देखा और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता दिवस की आवश्यकता महसूस की, तो उन्हें इस कार्यक्रम की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया गया।
पृथ्वी पर बढ़ती जनसंख्या का दबाव :
वर्तमान समय में पृथ्वी के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती बढ़ती जनसंख्या है। पृथ्वी की कुल आबादी आज साढ़े सात अरब से अधिक हो चुकी है। यह प्रकृति का सिद्धांत है की आबादी का विस्फोट उपलब्ध संसाधनों पर नकारात्मक दबाव डालता है, जिससे पृथ्वी की नैसर्गिकता प्रभावित होती है। बढ़ती जनसंख्या की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये पृथ्वी के दोहन (शोषण) की सीमा आज चरम पर पहुँच चुकी है। जलवायु परिवर्तन के खतरे को कम-से-कम करना दूसरी सबसे बड़ी चुनौती है। विश्व में बढ़ती जनसंख्या तथा औद्योगीकरण एवं शहरीकरण में तेज़ी से वृद्धि के साथ−साथ ठोस अपशिष्ट पदार्थों द्वारा उत्पन्न पर्यावरण प्रदूषण की समस्या विकराल होती जा रही है।
प्रदूषण से पर्यावरण की सर्वाधिक क्षति :
वर्तमान युग में पर्यावरण को सर्वाधिक क्षति पहुँची है। आज दुनिया अपनी निर्धारित सीमाओं के भीतर रहने की क्षमता तेज़ी से खोती जा रही है। स्वास्थ्य से जुड़े स्थानीय संकट की खबरें भी अब लगातार सामने आती रहती हैं। ऐसा पर्यावरण के हमारे कुप्रबंधन और जलवायु परिवर्तन के असर के वैश्विक अस्तित्ववादी संकट के कारण हो रहा है।
हम सभी हालात बदलना चाहते हैं। पर्यावरण की साफ-सफाई और संरक्षण में योगदान देना चाहते हैं। हम जिस हवा में साँस लेते हैं वह इतनी दूषित हो चुकी है कि प्रतिवर्ष लाखों लोग इसकी वज़ह से काल के गाल में समा जाते हैं। हमारी नदियाँ कूड़े-कचरे और गंदे पानी से खत्म हो रही हैं। हमारे वनों पर भी खतरा मंडरा रहा है। हम जानते हैं कि अपना पर्यावरण बचाने के लिये काफी कुछ करना होगा, अन्यथा पृथ्वी का अस्तित्व ही दाँव पर लगा रहेगा। हम सभी इन बेहद महत्त्वपूर्ण बदलावों का हिस्सा बनना चाहते हैं।
पृथ्वी दिवस मनाने का उद्देश्य :
पर्यावरण ही पृथ्वी पर जीवन का कारण है। वर्तमान समय में पर्यावरण का संतुलन तेजी से बिगड़ रहा है। औद्योगिक क्रांति के बाद से पृथ्वी पर प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण का यह कार्य और भी आवश्यक हो गया है। हमें पृथ्वी की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। इसके लिए सभी को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना जरूरी है। अपने स्तर पर पर्यावरण को सुरक्षित रखने की दिशा में आवश्यक कदम उठाना प्रत्येक पृथ्वीवासी का कर्तव्य है। पृथ्वी दिवस मनाने का एकमात्र उद्देश्य पर्यावरण का संरक्षण करना है। पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने के लिए हम अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगा सकते हैं, बाइक, कार या अन्य वाहनों के कम से कम उपयोग पर जोर दे सकते हैं।
पर्यावरण प्रदूषण मनुष्य ही ज़िम्मेदार है :
पृथ्वी हमारे अस्तित्व का आधार है, जीवन का केंद्र है। यह आज जिस स्थिति में पहुँच गई है, उसे वहाँ पहुँचाने के लिये मनुष्य ही ज़िम्मेदार हैं। आज सबसे बड़ी समस्या मानव का बढ़ता उपभोग है, लेकिन पृथ्वी केवल उपभोग की वस्तु नहीं है। वह मानव जीवन के साथ-साथ असंख्य वनस्पतियों-जीव-जंतुओं की आश्रयस्थली भी है। हम इन सब के बारे में अच्छी तरह से जानते हैं, लेकिन सवाल यह है कि किया क्या जा सकता है? क्या कुछ ऐसा है जो हम मनुष्य, स्कूल, कॉलेज, कॉलोनी एवं समाज के तौर पर सामूहिक रूप से कर सकते हैं? हम कैसे अपना योगदान दे सकते हैं?
इसमें मुश्किल कुछ भी नहीं और हम सभी बड़ी आसानी से ऐसा कर सकते हैं। महात्मा गांधी का एक प्रसिद्ध कथन है... “हम दुनिया में जो भी बदलाव लाना चाहते हैं, उसे पहले हमें खुद पर लागू करना चाहिये।” हमें आज यही करने की ज़रूरत है। हम मनुष्यों की जीवनशैली ने पर्यावरण को लगभग बर्बाद कर दिया है। हमारी गतिविधियों और उन्हें कार्यरूप देने के तरीकों का अंतर बेहद महत्त्वपूर्ण होता है। इसीलिये बदलाव की दिशा में सबसे पहला कदम यह होना चाहिये कि हम अपने कार्यों के प्रति सचेत और जागरूक हों। हमें बदलावों को आत्मसात करना होगा।
संपूर्ण विश्व की चेतना है मनुष्य :
पृथ्वी दिवस के अवसर पर हम सभी को पृथ्वी के प्रहरी बनकर उसे बचाने और आवश्यकतानुरूप उपभोग का संकल्प लेना होगा, तभी हम उसकी लंबी आयु की कामना कर सकते हैं। मनुष्य इस सम्पूर्ण विश्व का चेतना है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इसके बावजूद हमारी पर्यावरणीय ज़िम्मेदारी स्पष्ट नहीं है। मनुष्य ने न केवल जलवायु चक्रों को बदल दिया है, बल्कि संपूर्ण विश्व के जीवित स्वरूप को नष्ट कर इसकी जैविक लय को अवरुद्ध कर दिया है। संपूर्ण विश्व में और किसी अन्य जीव के पास मनुष्य जैसे विशेषाधिकार नहीं हैं तथा सिर्फ मनुष्य ही पृथ्वी को जीवंत रखने में सबसे प्रभावी योगदान कर सकते हैं।
वर्ष 2025 की थीम 'आवर पावर, आवर अर्थ' :
हर साल पृथ्वी दिवस को एक नई थीम के साथ मनाया जाता है। इस साल 2025 में भी पृथ्वी दिवस की थीम है- 'आवर पावर, आवर अर्थ' (Our Planet, Our Earth)। इस थीम पर पृथ्वी दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों, संगठनों और देशों की सरकार को क्षय होने वाले ऊर्जा स्त्रोतों को दोबारा इस्तेमाल किए जाने वाले स्त्रोतों में बदलना और एक टिकाउ भविष्य की नींव रखने के लिए प्रेरित करना है। इस थीम के माध्यम से यह लक्ष्य निर्धारित करना है कि साल 2030 तक दुनियाभर में उत्पादित अक्षय ऊर्जा की मात्रा को तीन गुना करना, जिसमें भूतापीय, ज्वारीय, पवन, जलविद्युत और सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों पर विशेष जोर दिया जाएगा। पृथ्वी दिवस मनाने के पीछे का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण की तरफ लोगों का ध्यान खींचकर यह कोशिश करना है कि सभी लोग पृथ्वी को खुशहाल बनाए रखने में अपना योगदान दें।
आज विश्व में हर जगह प्रकृति का दोहन जारी है तथा इसके दोहन और प्रदूषण की वज़ह से विश्व स्तर पर लोगों की चिंता सामने आना शुरू हुई है। आज जलवायु परिवर्तन पृथ्वी के लिये सबसे बड़ा संकट का कारण बन गया है। यदि पृथ्वी के अस्तित्व पर ही प्रश्नचिह्न लग जाएगा तो इसकी बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। इस विश्व पृथ्वी दिवस पर संकल्प लेना चाहिये कि हम पृथ्वी और उसके वातावरण को बचाने का प्रयास करेंगे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद