सबका मालिक एक’ का संदेश मानवता के लिए प्रेरणास्रोत : राकेश बिहारी शर्मा.....
● ‘सबका मालिक एक’ के संदेश से गूंजा सोहसराय, श्रद्धा के साथ मना विश्व साईं सद्भाव दिवस
●साईं बाबा के निर्वाण दिवस पर विशेष पूजा-अर्चना, शाही स्नान और महाप्रसाद वितरण; प्रेम, सेवा और सामाजिक एकता का लिया संकल्प
बिहारशरीफ-सोहसराय,16 अक्टूबर : शिव-साईं मंदिर सह साईं धाम ट्रस्ट, सोहसराय, नालंदा के तत्वावधान में गुरुवार को देर शाम साईं बाबा के निर्वाण दिवस पर ‘विश्व साईं सद्भाव दिवस’ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता साईं (शिर्डी) बाबा सेवक संगठन के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, भव्य शाही स्नान, आरती और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। शहर सहित आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से मंदिर परिसर दिनभर भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह काकड़ आरती से हुई। इसके बाद साईं बाबा को भव्य शाही स्नान कराया गया तथा दैनिक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। छोटी आरती के उपरांत साईंनाथ को भोग अर्पित किया गया। तत्पश्चात श्रद्धालुओं एवं भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। दिनभर मंदिर परिसर साईं बाबा के जयकारों से गूंजता रहा।
‘सबका मालिक एक’ का संदेश मानवता के लिए प्रेरणास्रोत : राकेश बिहारी शर्मा
साईं (शिर्डी) बाबा सेवक संगठन के संयोजक, शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि साईं बाबा का जीवन प्रेम, करुणा, सेवा और धार्मिक सद्भाव का अनुपम उदाहरण है। उनका प्रसिद्ध संदेश ‘सबका मालिक एक’ मानवता को जाति, धर्म और संप्रदाय की संकीर्णताओं से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि साईं बाबा की शिक्षाएं केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे जरूरतमंदों की सहायता करने, दुखियों के प्रति संवेदनशील रहने और समाज में भाईचारा मजबूत करने का संदेश देती हैं। आज जब समाज को आपसी विश्वास और सद्भाव की आवश्यकता है, तब साईं बाबा के विचार और भी प्रासंगिक हो जाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से सेवा, सहयोग और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
प्रेम और निस्वार्थ सेवा ही साईं भक्ति का सार : अनिल कुमार गुप्ता
संगठन के सचिव अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि साईं बाबा के प्रति सच्ची श्रद्धा तभी सार्थक है, जब उनके आदर्शों को अपने व्यवहार और जीवन में उतारा जाए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना, गरीबों के प्रति संवेदना रखना और समाज में प्रेम एवं भाईचारे को बढ़ावा देना ही साईं बाबा की शिक्षाओं का वास्तविक पालन है। उन्होंने श्रद्धालुओं से मानव सेवा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
साईं बाबा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प : रंजीत कुमार शर्मा
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि ‘विश्व साईं सद्भाव दिवस’ मनाने का उद्देश्य साईं बाबा के संदेश ‘सबका मालिक एक’ को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में प्रेम, एकता, करुणा और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि साईं बाबा के आदर्श किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को साईं बाबा की शिक्षाओं के अनुरूप जीवन जीने, आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खड़े रहने तथा समाज में भाईचारे की भावना मजबूत करने का संदेश दिया।
इनकी रही उपस्थिति: समाजसेवी भाई सरदार वीर सिंह, साईं भक्त रीता सिंहा, रेखा देवी, सविता बिहारी, धीरज कुमार, विश्वमोहन पांडेय, अमित कुमार, जीति यादव, ममता देवी, रामकली देवी, सोनी देवी, नूतन देवी, प्रमिला देवी, संजू देवी, निर्मला देवी, सच्चिदानंद पांडेय, बबिता देवी, रेणु देवी, गुणवंती देवी, किरण देवी, शर्मिला देवी, कुमकुम, गुलाबी देवी, विनय कुमार पांडेय, रितेश कुमार, नीति कुमारी सहित सैकड़ों साईं भक्त उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद