प्रीति सुमन द्वारा संपादित पुस्तक 'काव्यम्'' पर राष्ट्रीय पुस्तक मेला ,पटना में आयोजित हुई परिचर्चा ..!!

शनिवार दिनांक 09/12/23 को गाँधी मैदान, पटना, बिहार में आयोजित राष्ट्रीय पुस्तक मेला के मुख्य मंच पर कवयित्री प्रीति सुमन द्वारा संपादित भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि कवियों की सौ रचनाओं का संग्रह 'काव्यम्'  पर परिचर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार के अनेक प्रसिद्ध कवि ,कवयित्रियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार शहनाज़ फातमी, भगवती प्रसाद द्विवेदी एवं पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की हिंदी विषय विभागाध्यक्ष डॉ. छाया सिन्हा ने मुख्य वक्ता की भूमिका निभाई।
 कार्यक्रम का संचालन युवा कवि नवनीत कृष्ण एवं युवा कवयित्री नेहा भारती ने किया। पुस्तक पर अपने विचार प्रकट करते हुए भगवती प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि 'काव्यम्' में मौजूदा दौर का युगधर्म बोलता है।यह संग्रह लब्धप्रतिष्ठ रचनाकारों की रचनाओं के साथ युवा चर्चित व नवोदित कवियों की रचनाओं का कुंभ है ।असीम संभावनाओं को समेटे यह हृदय को देर तक आनंदित करने वाली रचनाओं का संग्रह है।
 डॉ. छाया सिन्हा ने कहा कि 'काव्यम्' काव्य के विभिन्न रसों की पावन धारा है जो पाठकों की आत्मा को तृप्त करती है।जीवन में कांटों के पथ पर भी फूल खिलाने की प्रेरणा देने वाली रचनाओं का यह संग्रह ताजा पुष्पों का एक गुलदस्ता हैकार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही वरिष्ठ रचनाकार शहनाज़ फातमी ने पुस्तक के सफल संपादन के लिए प्रीति सुमन को शुभकामनाएं दी।
संग्रह की संपादिका कवयित्री प्रीति सुमन ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों के कवियों की रचनाओं को एक संग्रह में रखने का अनुभव सुखद रहा।' काव्यम्' में काव्य की सभी विधाएं -दोहा,गीत, ग़ज़ल,कविता, कुंडलियां, नवगीत आदि शामिल हैं। निश्चित रूप से यह संग्रह पाठकों के हृदय पर एक अमिट छाप छोड़ेगा।
परिचर्चा में शामिल रचनाकारों में   मधुरानी लाल, नेहा भारती, आराधना प्रसाद , डॉली बगरिया, कमलनयन श्रीवास्तव, नवनीत कृष्ण, अमृता सिन्हा,रूबी भूषण, कविता कुमारी, आनंद वर्धन आदि प्रमुख थे।
धन्यवाद ज्ञापन कवयित्री प्रीति सुमन ने किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ककड़िया विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया जनजातीय गौरव दिवस, बिरसा मुंडा के बलिदान को किया याद...!!

61 वर्षीय दस्यु सुंदरी कुसुमा नाइन का निधन, मानववाद की पैरोकार थी ...!!

ककड़िया मध्य विद्यालय की ओर से होली मिलन समारोह का आयोजन...!!