रामचन्द्र शर्मा जी को महाभोज में श्रद्धांजलि अर्पित...!!
अस्थावां-महमदपुर, 25 दिसम्बर 2023 : अखिल भारतीय नाई संघ (ट्रेड यूनियन) की ओर से अस्थावां प्रखंड के महमदपुर ग्राम में संघ के जिला संरक्षक स्व. रामचन्द्र शर्मा जी के असामयिक निधन पर महाभोज में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में अखिल भारतीय नाई संघ ट्रेड यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष देव किशुन ठाकुर जी ने कहा कि रामचन्द्र बाबू का हम सबके बीच से चले जाना मन को बहुत दुःखी करता है। गरीबों की आवाज़, सरल हृदय व्यक्तित्व वाले रामचन्द्र बाबू की याद हमेशा मेरे मन में रहेंगी। उनके द्वारा किए गए कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा। बिहार ने नाई संघ के साथ-साथ एक सच्चा राजनैतिक सपूत को खो दिया है। वे अपना सामाजिक काम बहुत ही बारीकी से करते थे। हमारा उनका परिचय पहली बार पटना में एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में हुआ था। लेकिन हमारा उनका मिलना-जुलना हमेशा रहा। साथ ही उन्होनें यह भी कहा कि आज इस अवसर पर उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम सब मिलकर उनके संकल्प को सार्थक करेंगे।
मौके पर श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुये नाई संघ के जिला संयोजक साहित्यकार राकेश बिहारी शर्मा ने हुतात्मा के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्व.रामचन्द्र बाबू स्वच्छ व्यक्तित्व के धनी, मृदुभाषी एवं नाई समाज के आदर्श थे। ये जीवन प्रयत्न सामाजिक कार्य से जुड़े रहे। नाई समाज के उत्थान के लिए संघ से जुड़कर सामाजिक और खासकर नाई समाज के बेहतरी के लिए बेहतर कार्य किया करते थे। स्व. रामचन्द्र जी स्वच्छ छवि के सक्रिय राजनैतिक कार्यकर्ता एवं नाई संघ के सुयोग्य जिला संरक्षक रहे और अपने कार्यकाल में उन्होंने नाई संघ तथा समाज के विभिन्न समस्याओं को दूर करने की भरसक कोशिश की थी। शायद इसलिए नाई जाति के साथ-साथ सभी गरीब तबकों का भी इनके प्रति खास लगाव रहा था। ये अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री सहित भरापूरा परिवार छोड़कर गये। इनका सम्पूर्ण जीवन समाजसेवा में रचा-बसा था। जिलों में इनके द्वारा समाज सेवा के अनेकों अनुकरणीय कार्य किये गये।
मौके पर संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि स्व. रामचन्द्र शर्मा जी लम्बे समय से बीमार चल रहे थे। वे हमेशा एक कुशल कार्यकर्ता की तरह नाई संघ एवं समाज की सेवा की। नाई संघ को उनके निधन से गरीब-गुरबों के लिए अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान उनके दिवंगत आत्मा की शांति प्रदान करें।
वहीं इस मौके पर नाई संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि रामचन्द्र जी के निधन से प्रदेश ने गरीबों के लिए आवाज बुलंद करने वाले एक जमीनी व समर्पित नेता को खो दिया है। अखिल भारतीय नाई संघ को अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान उनके परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति दे।
कोषाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि स्व. रामचन्द्र शर्मा जी कर्मठ और सहनशील व्यक्ति थे। उन्होंने कहा- उनके निधन से कमजोर वर्ग के लिए बड़ी क्षति है, उनके परिवार को भगवान दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।
मौके पर श्रद्धांजलि सभा में अखिल भारतीय नाई संघ ट्रेड यूनियन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजू ठाकुर, राष्ट्रीय सचिव संजय ठाकुर, नाई संघ के प्रदेश सचिव नंदकिशोर ठाकुर, प्रदेश संयोजक इंजीनियर संजय ठाकुर, जिला महासचिव परमेन्द्र शर्मा, सूचना मंत्री राजेश कुमार ठाकुर, सम्मानित सदस्य रंजीत शर्मा, जिला सलाहकार सुधीर कुमार शर्मा, जिला कार्यकारिणी विक्रम कुमार, जितेंद्र कुमार, शंकर कुमार, मंटू कुमार सहित उपस्थित सभी नेताओं ने दो मिनट का मौन रख कर उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की और गहरा शोक व्यक्त किया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद