नाई संघ के पूर्व महासचिव दिनेश कुमार शर्मा के असामयिक निधन पर शोक सभा ...!!
बिहारशरीफ, 17 जनवरी 2025 : गुरुवार देरशाम को अखिल भारतीय नाई संघ (ट्रेड यूनियन) की ओर से नाई संघ के पूर्व महासचिव दिनेश कुमार शर्मा के असामयिक निधन पर संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सोहसराय में शोक सभा की गई। शोक सभा में संघ के नेताओं ने उनके असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
मौके पर संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा जी लम्बे समय से नाई संघ के सक्रिय सदस्य एवं पूर्व महासचिव थे। वे हमेशा एक कुशल कार्यकर्ता की तरह नाई संघ की सेवा की। नाई संघ को उनके निधन से अपूरणीय क्षति हुई है।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुये संघ के संयोजक समाजसेवी राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा जी 1994 में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) से शिक्षक बने थे। वर्तमान में ये मध्य विद्यालय बेलौर के प्रधानाध्यापक थे। ये एक स्वच्छ छवि के शिक्षक एवं नाई संघ के कर्मठ और सक्रिय कार्यकर्ता थे। ये नाई जाति के साथ-साथ सभी जाति के आर्थिक रूप से कमजोर व गरीब तबकों के प्रति खास लगाव था। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा जी जैसे लोगों की समाज में जरूरत है। उनके असामयिक निधन से हम सब दुखी और मर्माहत हैं। उन्होंने कहा कि नाई समाज इस दुख की घड़ी में दिवंगत शिक्षक एवं नाई संघ पूर्व महासचिव के परिवार के साथ हैं। स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा जी अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्री और पत्नी को छोड़कर गये।
शिक्षक विनय कुमार आलोक ने कहा कि स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा जी काफी जुझारू व संघर्षशील प्रवृत्ति के शिक्षक थे। उनका देहांत हो जाने से नाई समाज और शिक्षक समाज ने अपना एक सच्चा हितैषी खो दिया। यह शिक्षक और नाई समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है। पिछले 14 जनवरी 2025 को हृदय गति रुक जाने के कारण दिनेश कुमार शर्मा जी का देहांत हो गया था।
मौके पर माले नेता मकसूदन शर्मा ने कहा कि दिनेश कुमार शर्मा जी के निधन से नाई संघ को अपूरणीय क्षति हुई है। वे चरित्रवान, गुणवान, कर्मयोगी, कर्तव्यनिष्ठ और समझदार शिक्षक थे। उनका जीवन सभी के लिए अनुकरणीय है। उनके निधन से नालंदा जिले को अपूर्णीय क्षति हुई है। उन्होंने आजीवन नाई समाज में शिक्षा का अलख जगाने के लिए काम किया।
संघ के महासचिव परमेन्द्र शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा जी का व्यवहार बेहद सौम्य था। जिसके चलते उन्हें नाई समाज में बहुत सम्मान दिया जाता था। उनके निधन से समाज में एक गहरा शून्य हो गया है।
शोक सभा में जिला उपाध्यक्ष रंजीत कुमार अकेला, जिला सुचना मंत्री, राजेश कुमार ठाकुर ,मुन्ना शर्मा, पप्पू शर्मा, जिला सचिव जनार्दन ठाकुर, जिला सलाहकार सुधीर कुमार शर्मा, पिंटू कुमार, गुलशन ठाकुर, चिंटु ठाकुर, रामेश्वर ठाकुर, विक्रम कुमार, लक्ष्मण शर्मा, संतोष कुमार, शैलेंद्र शर्मा,कृष्ण ठाकुर, उमेश ठाकुर, सुरेंद्र प्रसाद, रामेश्वर ठाकुर सहित कई नाई संघ के सक्रिय लोगों ने शोकसभा में उपस्थित होकर दिवंगत दिनेश कुमार शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी। और दो मिनट का मौन रख दिवंगत आत्मा की शांति के लिये ईश्वर से प्रार्थना की।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद