ककड़िया में धूमधाम से मनी गोस्वामी तुलसीदास की जयंती.....
नूरसराय-ककड़िया, 19 अगस्त। नूरसराय प्रखंड के मध्य विद्यालय ककड़िया के प्रांगण में बुधवार को चेतना सत्र के दौरान महाकवि एवं संत गोस्वामी तुलसीदास की 529वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी शिक्षक जितेंद्र कुमार मेहता एवं वरीय शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा ने तुलसीदास के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर किया।
इस अवसर पर शिक्षाविद राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि तुलसीदास ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज को भक्ति, मर्यादा और समन्वय का संदेश दिया। उन्होंने विभिन्न पंथों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ सामाजिक जीवन के आदर्शों को भी रेखांकित किया। श्रीरामचरितमानस के माध्यम से तुलसीदास ने भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र को जन-जन तक पहुंचाया।
प्रभारी शिक्षक जितेंद्र कुमार मेहता ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को तुलसीदास के आदर्शों से प्रेरणा लेकर मजबूत बनाने की आवश्यकता है। विदुषी शिक्षिका पूजा कुमारी ने कहा कि तुलसीदास के साहित्य में रामराज्य और लोककल्याण की व्यापक भावना दिखाई देती है। शिक्षिका अनीता कुमारी ने कहा कि उनकी चौपाइयों और कविताओं ने लोगों में भक्ति के साथ सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूकता पैदा की।
आचार्य अरविन्द कुमार शुक्ल ने तुलसीदास की प्रमुख रचनाओं और उनके साहित्यिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी कृतियां आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रही हैं। शिक्षक सतीश कुमार ने तुलसीदास को भारतीय साहित्य का अनमोल रत्न बताते हुए कहा कि श्रीरामचरितमानस ने जन-जन के मन को प्रभावित किया और भारतीय ज्ञान परंपरा को समृद्ध किया।
कार्यक्रम में शिक्षक अनुज कुमार, सुरेश कुमार, पूजा कुमारी, अनीता कुमारी, मो. रिजवान आफताब, मुकेश कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बाल संसद के प्रधानमंत्री आयुष कुमार समेत विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद