पहली उड़ान मंच के ओपन माइक में देर रात तक गूंजा संगीत, कविता और हास्य....

युवा कलाकारों को मिला प्रतिभा प्रदर्शन का मंच, कथक, गायन, कविता और कॉमेडी ने बांधा समां
बिहारशरीफ, 25 अगस्त। पहली उड़ान मंच और एस-3 सिने कैफे के सहयोग से मंगलवार को बिहारशरीफ में ओपन माइक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगीत, कविता, नृत्य और कॉमेडी की प्रस्तुतियों ने देर रात करीब 11 बजे तक दर्शकों को बांधे रखा। बड़ी संख्या में युवाओं और कला प्रेमियों ने कार्यक्रम में भाग लिया तथा कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय शायर नवनीत कृष्ण ने किया। आयोजन को सफल बनाने में ऑर्गनाइजर अक्की पांडे (सूरज) और संयोजक एवं गायक सीनू देव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
युवाओं को मंच देने का प्रयास
पहली उड़ान मंच के संस्थापक आदित्य प्रताप की अनुपस्थिति के बावजूद मंच की ओर से लगातार युवाओं को अवसर देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, आदित्य प्रताप दूर रहकर भी कार्यक्रम से जुड़े लोगों को आवश्यक सलाह और मार्गदर्शन देते रहते हैं। जल्द ही उनके नेतृत्व में एक बड़े आयोजन की तैयारी भी की जाएगी, जिसमें स्थानीय युवा कलाकारों को बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
ऑर्गनाइजर अक्की पांडे ने कहा कि पहली उड़ान मंच का उद्देश्य युवाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के जो भी युवा कलाकार अपनी कला को आगे ले जाना चाहते हैं, वे मंच से जुड़ सकते हैं।
संयोजक एवं गायक सीनू देव ने कहा कि पहली उड़ान मंच युवाओं के लिए हमेशा खुला है। बिहारशरीफ और आसपास के क्षेत्रों के कलाकार इस मंच से जुड़कर गायन, कविता, नृत्य और अन्य विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
डॉ. जगदीप नारायण ने युवाओं का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. जगदीप नारायण, दो बार वर्ल्ड चैंपियन होल्डर, ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम होते रहने चाहिए, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच मिल सके। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
रंजन मास्टर की टीम ने कराया मनोरंजन
कॉमेडियन रंजन मास्टर और उनकी टीम ने हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के मंचों से स्थानीय प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है। उन्होंने अपने संघर्ष के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सौरभ कुमार ने लगातार कार्यक्रम कराने पर दिया जोर
आरोग्य गुरु राष्ट्रीय हिंदी मासिक स्वास्थ्य पत्रिका के सह-संपादक एवं पत्रकार सौरभ कुमार ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित होने चाहिए। इससे बिहार के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और गीत, संगीत, नृत्य, कविता एवं कॉमेडी के क्षेत्र में नई प्रतिभाएं सामने आएंगी।
एस-3 सिने कैफे के संस्थापक का सहयोग
कार्यक्रम में एस-3 सिने कैफे के संस्थापक गौतम जी का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच और स्थान उपलब्ध कराने के लिए वे हमेशा तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि स्थानीय युवाओं को अपनी कला प्रस्तुत करने के लिए बेहतर अवसर मिलता रहे।
वहीं कार्यक्रम के सहयोग में रवि (MJR) की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने अपना साउंड सिस्टम और माइक उपलब्ध कराया। आयोजकों ने युवा कलाकारों के लिए उनके सहयोग की सराहना की।
कथक और संगीत की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में कौशल एवं उनकी टीम ने कथक की शानदार प्रस्तुति दी। सीनू देव और अक्की पांडे ने ‘आरंभ है प्रचंड’ की प्रस्तुति से माहौल में जोश भर दिया।
कवयित्री अंजली वर्णवाल और अक्षरा वर्णवाल ने कविता-पाठ किया। वहीं गायिका दीपिका यादव, अंजली और सत्या सहित अन्य कलाकारों ने गायन प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। नृत्य और रैप की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में उत्साह बनाए रखा।
कार्यक्रम में अक्की पांडे, सीनू देव, राष्ट्रीय शायर नवनीत कृष्ण, अक्षरा वर्णवाल, कौशल, मोनू रैपर, रोहित, उत्तम, अंजली वर्णवाल, सुहानी सिद्दीकी, अंजली, सत्या, दीपिका यादव, अभिषेक पांडे, गौरव और रोहित रैपर सहित कई कलाकार शामिल रहे।
कार्यक्रम में डॉ. जगदीप नारायण, कॉमेडियन रंजन मास्टर एवं उनकी टीम तथा पत्रकार सौरभ कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आयोजकों ने कहा कि पहली उड़ान मंच का उद्देश्य बिहारशरीफ और नालंदा क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर उपलब्ध कराना है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानाध्यापक के सेवानिवृत्ति पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन, शिक्षकों और छात्रों ने दी भावभीनी विदाई...!!

सुपुर्दे खाक हुए मो. तस्लीमुद्दीन, संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष कुमार राकेश ने कहा- अलविदा भाई.....!!

शिक्षक नेता के निधन पर ककड़िया में श्रद्धांजलि सभा.....!"