ककड़िया विद्यालय में जला “आशीर्वाद का दीया”, सेवा और संस्कार का दिया संदेश....!!

● ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने लिया सेवा एवं सद्भाव का संकल्प
नूरसराय, ककड़िया, 17 सितंबर 2026। नूरसराय प्रखंड के मध्य विद्यालय ककड़िया में गुरुवार की देर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76 वें जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, सद्भाव, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी शिक्षक जितेंद्र कुमार मेहता ने की। जबकि कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका अनीता कुमारी ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में दीप प्रज्वलित कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सेवा और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।
मौके पर विद्यालय के वरीय शिक्षाविद शिक्षक राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि “आशीर्वाद का दीया” केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और शुभकामनाओं की भावना को अभिव्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सेवा, अनुशासन, संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना से जोड़ना शिक्षकों का महत्वपूर्ण दायित्व है। विद्यालय परिवार सदैव प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा।
शिक्षक अनुज कुमार ने कहा कि दीपक प्रकाश का प्रतीक है और “आशीर्वाद का दीया” हमें यह संदेश देता है कि हमारे जीवन का प्रकाश दूसरों के जीवन में भी खुशियां और उम्मीदें पैदा करे। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, ईमानदारी और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सेवाभावी पहल भी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
शिक्षक सुरेश कुमार ने कहा कि सेवा की भावना किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। विद्यार्थियों को अपने माता-पिता, गुरुजनों और जरूरतमंद लोगों का सम्मान करना चाहिए। साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव जैसे कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जलाया गया प्रत्येक दीया ज्ञान, संस्कार और मानवता के प्रकाश का प्रतीक बने, यही इसकी वास्तविक सार्थकता है।
अध्यक्षता करते हुए प्रभारी शिक्षक जितेंद्र कुमार मेहता ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और संस्कार का केंद्र भी है। “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, सद्भाव, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर विद्यालय को ज्ञान, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक अरविन्द कुमार शुक्ल एवं छात्र-छात्रा दिव्या भारती, वर्षा कुमारी, अंजली कुमारी, राशी कुमारी, बाल संसद के प्रधानमंत्री आयुष कुमार, नीरज कुमार, प्रशांत कुमार, यश कुमार, रोहित कुमार, प्रिंस कुमार, आदित कुमार सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सेवा, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

शिक्षक नेता के निधन पर ककड़िया में श्रद्धांजलि सभा.....!"

शिक्षक के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन, लोगों ने दी श्रद्धांजलि....

शायर नवनीत व स्नेहा के शादी स्वागत समारोह में हुआ भव्य कवि सम्मेलन....!!