लोकतांत्रिक प्रक्रिया से बनी नाई संघ की नई कमेटी, विकास कुमार को मिली सिलाव प्रखंड की कमान”....

● “14 पंचायतों की भागीदारी से मजबूत हुआ नाई संघ, विकास कुमार बने प्रखंड अध्यक्ष”
● “एकजुट हुआ नाई समाज, लोकतांत्रिक चुनाव से बनी नई प्रखंड कमेटी”
सिलाव (नालंदा), 20 सितंबर। अखिल भारतीय नाई संघ ट्रेड यूनियन, सिलाव प्रखंड की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर आयोजित प्रखंड स्तरीय चुनाव शनिवार की देर शाम सिलाव बाजार स्थित श्री हिन्दी पुस्तकालय सिलाव के सभागार में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव में प्रखंड की सभी 14 पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ समाज के गणमान्य लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। चुनाव के उपरांत नई प्रखंड कार्यकारिणी का गठन किया गया।
चुनाव में विकास कुमार शर्मा को प्रखंड अध्यक्ष, शिवकुमार शर्मा को उपाध्यक्ष तथा संजीव कुमार को सचिव चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित लोगों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
चुनाव प्रक्रिया को सुचारू एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में नालंदा जिला संयोजक सह शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा एवं नालंदा जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों पर्यवेक्षकों की देखरेख में निर्धारित लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव संपन्न हुआ।
 शिक्षा और संगठन को मजबूत करना प्राथमिकता : राकेश बिहारी शर्मा

इस अवसर पर चुनाव पर्यवेक्षक एवं शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि किसी भी सामाजिक संगठन की मजबूती उसकी लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और समाज के लोगों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। सिलाव प्रखंड की सभी 14 पंचायतों से प्रतिनिधियों की भागीदारी संगठन के प्रति बढ़ती जागरूकता और एकजुटता का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि “उन्नत शिक्षा के बिना बेहतर, सभ्य और सशक्त समाज का निर्माण संभव नहीं है। शिक्षा ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।” उन्होंने समाज के लोगों से अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने की अपील करते हुए कहा कि आज की शिक्षा ही कल के बेहतर समाज का निर्माण करेगी। उन्होंने नई कमेटी से समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास को प्राथमिकता देने तथा संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर

नालंदा जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज को एकजुट कर उसके विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करना है। नई कमेटी को पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ युवाओं एवं नई पीढ़ी को शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने की दिशा में काम करना चाहिए।
समाजहित में पूरी निष्ठा से काम करेंगे : विकास कुमार

नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्ष विकास कुमार शर्मा ने समाज के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों की शिक्षा, युवाओं के भविष्य, सामाजिक एकता तथा समाज के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया जाएगा।
उपाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा एवं सचिव संजीव कुमार ने भी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा समाज के हित में सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
नई कमेटी के गठन से समाज के लोगों में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में सिलाव प्रखंड में नाई समाज का संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा शिक्षा, एकता, सामाजिक जागरूकता और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को नई गति मिलेगी।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समाज के विभिन्न लोगों ने बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सर्वश्री रणजीत कुमार अकेला, विक्रम कुमार शर्मा, परमेन्दर कुमार शर्मा, विकास कुमार शर्मा, ओमकार प्रसाद शर्मा, सुरेश शर्मा, प्रमोद ठाकुर, कमलेश शर्मा, मुकेश शर्मा, सुनील शर्मा, संजीव कुमार, प्रदीप शर्मा, गौरी शंकर शर्मा, अमित कुमार, मुन्ना कुमार, राजीव कुमार, ललन शर्मा, दीपक कुमार, अजय कुमार, अखिलेश ठाकुर, अनिल शर्मा, राजीव ठाकुर, राजेश कुमार शर्मा, राकेश कुमार शर्मा, राकेश कुमार, रंजीत शर्मा, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानाध्यापक के सेवानिवृत्ति पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन, शिक्षकों और छात्रों ने दी भावभीनी विदाई...!!

सुपुर्दे खाक हुए मो. तस्लीमुद्दीन, संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष कुमार राकेश ने कहा- अलविदा भाई.....!!

शिक्षक नेता के निधन पर ककड़िया में श्रद्धांजलि सभा.....!"