सामाजिक एकजुटता से ही नाई समाज को मिलेगी नई दिशा : राकेश बिहारी

 ● नाई संघ ट्रेड यूनियन की बैठक में संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने का निर्णय, शिक्षा-रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण पर जोर
बिहारशरीफ, 27 सितंबर : सामाजिक एकजुटता और मजबूत संगठन के बिना किसी समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। नाई समाज को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर आवाज उठानी होगी। ये बातें अखिल भारतीय नाई संघ ट्रेड यूनियन के जिला संयोजक एवं शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने शनिवार की देर शाम सोहसराय स्थित संघ कार्यालय में आयोजित बैठक में कहीं।
 बैठक की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने की, जबकि संचालन राकेश बिहारी शर्मा ने किया। बैठक में नालंदा जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे समाज के प्रतिनिधियों ने संगठन की मजबूती, सामाजिक एकजुटता, रोजगार, शिक्षा और व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से मंथन किया।
शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि नाई समाज के विकास के लिए केवल व्यक्तिगत प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। समाज के लोगों को एकजुट होकर सामूहिक रूप से आगे बढ़ना होगा। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर समाज के लोगों से संपर्क करने और उन्हें संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही समाज की समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित मंच तक पहुंचा जा सकता है।

 गांव-गांव पहुंचेगा संगठन
 जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत गांवों में रहने वाले समाज के लोगों को जोड़ने से बढ़ेगी। इसके लिए पंचायत और प्रखंड स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समाज के लोगों की समस्याओं को चिह्नित कर सामूहिक रूप से उनके समाधान के लिए पहल की जाएगी। उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना समय की मांग है। आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर समाजहित में एकजुट होकर काम करने की अपील भी उन्होंने की।
  शिक्षा और रोजगार को बनाया जाएगा प्राथमिकता

 संघ के जिला परिषद सदस्य धीरज कुमार ने कहा कि समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार, तकनीकी प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में पारंपरिक व्यवसाय के साथ युवाओं को आधुनिक तकनीक और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में सामूहिक प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा समाज की ताकत हैं। यदि युवा शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे तो इसका सीधा लाभ पूरे समाज को मिलेगा। संगठन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का हित नहीं, बल्कि पूरे समाज के विकास के लिए काम करना है।
 सामूहिक आवाज से ही दूर होंगी समस्याएं

 संघ के संरक्षक एवं जनवादी नेता मकसूदन शर्मा ने कहा कि समाज की कई समस्याएं ऐसी हैं, जिनका समाधान अकेले व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए सामूहिक पहल और मजबूत संगठन की जरूरत है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से संगठन से जुड़कर अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
 वहीं संघ के निगरानी अध्यक्ष विक्रम कुमार शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नाई समाज के लोगों को व्यवसाय के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं को चिह्नित कर संगठन के माध्यम से संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनने और उन्हें संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

  पंचायत से प्रखंड स्तर तक संगठन विस्तार का संकल्प

 बैठक के अंत में समाज के प्रतिनिधियों ने संगठन को पंचायत एवं प्रखंड स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक युवाओं और समाज के लोगों को संघ से जोड़ने तथा शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधिवेता सुबोध कुमार सारथी, अरुण बिहारी शरण, भीम ठाकुर,  संतोष कुमार शर्मा, पिंटू कुमार, अशोक शर्मा, सुधीर कुमार शर्मा, नवल किशोर कुमार, राजेश कुमार ठाकुर, बबलू शर्मा, राहुल शर्मा, मुन्ना शर्मा, विनोद ठाकुर, सुमित राज, मनोज कुमार, रविंद्र कुमार शर्मा, राकेश कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रधानाध्यापक के सेवानिवृत्ति पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन, शिक्षकों और छात्रों ने दी भावभीनी विदाई...!!

सुपुर्दे खाक हुए मो. तस्लीमुद्दीन, संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष कुमार राकेश ने कहा- अलविदा भाई.....!!

शिक्षक नेता के निधन पर ककड़िया में श्रद्धांजलि सभा.....!"