योग और स्वदेशी आंदोलन के सशक्त स्तंभ थे उदय शंकर प्रसाद.....
● उदय शंकर प्रसाद के निधन से योग और स्वदेशी आंदोलन को अपूरणीय क्षति
● श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, नम आंखों से दी भावभीनी श्रद्धांजलि; बाबा रामदेव के शुरुआती अभियान के रहे मजबूत सहयोगी
बिहारशरीफ, 10 नवंबर। योग, आयुर्वेद और स्वदेशी आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले पतंजलि योग समिति, दक्षिण बिहार के वरिष्ठ संरक्षक एवं प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय उदय शंकर प्रसाद को उनके श्राद्धकर्म के अवसर पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सोमवार, 9 नवंबर की देर शाम बिहारशरीफ के निलगिरी स्थित उनके आवास पर भव्य श्रद्धांजलि सभा एवं ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता प्रख्यात योग गुरु रामजी प्रसाद ने की। इस अवसर पर राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ सैकड़ों योग साधकों ने उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नम आंखों से उन्हें याद किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पतंजलि के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं योग गुरु रामजी प्रसाद ने कहा कि स्वर्गीय उदय शंकर प्रसाद का संपूर्ण जीवन पुरुषार्थ, परमार्थ, अनुशासन और समाजसेवा का अनुपम उदाहरण था। उन्होंने नालंदा सहित दक्षिण बिहार के विभिन्न जिलों में योग, आयुर्वेद और स्वदेशी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उनका निधन केवल पतंजलि परिवार ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सामाजिक और आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके द्वारा किए गए कार्य और समाज के प्रति उनका समर्पण सदैव लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
पतंजलि के जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी शिक्षाविद् राकेश बिहारी शर्मा ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उदय शंकर प्रसाद भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन योग, आयुर्वेद, स्वदेशी और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी कर्मठता, निष्ठा और समर्पण भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि उदय शंकर प्रसाद जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों ने योग और स्वदेशी आंदोलन को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर स्वर्गीय उदय शंकर प्रसाद के सुपुत्र इंजीनियर रविशंकर प्रसाद ने अपने पिता के जीवन से जुड़े कई भावुक संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर 2026 को सुबह 5:45 बजे मेदांता अस्पताल में हृदय गति रुक जाने के कारण उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर बिहारशरीफ स्थित निलगिरी आवास लाया गया। उनके निधन से संपूर्ण पतंजलि परिवार में शोक की लहर व्याप्त है।
भावुक होते हुए इंजीनियर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय उदय शंकर प्रसाद दक्षिण बिहार के संरक्षक होने के साथ-साथ योग गुरु बाबा रामदेव के शुरुआती अभियान के मजबूत सहयोगी और योग आंदोलन के प्रमुख स्तंभ थे। उन्हीं के विशेष आग्रह पर योग गुरु बाबा रामदेव नालंदा की पावन धरती पर पधारे थे। उनके पिता ने योग, आयुर्वेद और स्वदेशी के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य करते हुए पूरे क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनका जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की मिसाल था।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकसंतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
श्रद्धांजलि सभा में पतंजलि योग समिति बिहार के प्रभारी डॉ. पंकज पांडेय, भारत स्वाभिमान बिहार के महामंत्री अजय कुमार, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक इंजीनियर सुनील कुमार, पतंजलि योग समिति नालंदा के संरक्षक विनय कुमार, समाजसेवी धीरज कुमार, पतंजलि की योग शिक्षिका डॉ. संगीता कुमारी सिन्हा, योग शिक्षक जयशंकर प्रसाद, भारत स्वाभिमान के नालंदा सह प्रभारी दीपक कुमार, भारत स्वाभिमान नालंदा की महिला प्रभारी सुशीला कुमारी, भारत स्वाभिमान नालंदा के प्रभारी अविनाश कुमार, अभय शंकर प्रसाद, आशीष शंकर, मनीष शंकर एवं अभिषेक शंकर सहित पतंजलि के राज्यस्तरीय पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में योग साधक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
योग साधना, समाजसेवा और राष्ट्रहित के प्रति आजीवन समर्पित रहे उदय शंकर प्रसाद का जीवन संघर्ष, सेवा, अनुशासन और संकल्प की प्रेरक गाथा है। योग एवं स्वदेशी आंदोलन को आगे बढ़ाने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके विचार, कार्य और समाजसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
कृपया कमेंट बॉक्स में कोई भी स्पैम लिंक न डालें - शंखनाद