राजगीर में गूंजी गुरुवाणी, श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा सैलाब....

श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 558वां प्रकाश पर्व धूमधाम से संपन्न; शबद-कीर्तन और अटूट लंगर ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश
राजगीर, 21 नवंबर 2026 : विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक नगरी राजगीर में शनिवार को सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 558वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरुद्वारा श्री गुरु नानक शीतल कुंड में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, पटना साहिब एवं सिख संगत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में शबद-कीर्तन, गुरुवाणी पाठ, अरदास और अटूट लंगर के माध्यम से प्रेम, सेवा, समानता और मानवता का अनुपम संदेश प्रसारित हुआ। देश-विदेश एवं राज्य के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति से पूरी राजगीर नगरी गुरुमय हो उठी।
त्रिदिवसीय श्री अखंड पाठ की समाप्ति के उपरांत हजूरी रागी जत्था के भाई जगत सिंह, रागी जत्था के भाई जोगिंदर सिंह तथा हजूरी कथा वाचक ज्ञानी चरणजीत सिंह जी ने गुरु नानक देव जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं आध्यात्मिक विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गुरु नानक देव जी का जन्म 15 अप्रैल 1469 को तलवंडी (वर्तमान ननकाना साहिब, पाकिस्तान) में मेहता कालू एवं माता तृप्ता के घर हुआ था। उन्होंने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से ईश्वर की एकता, मानव समानता, सदाचार और सेवा का संदेश पूरी दुनिया को दिया।
रागी जत्थों ने अपनी मधुर वाणी में 'सतगुरु नानक प्रकटया, मिट धुंध जग चानन होआ...' सहित अनेक भक्तिमय शबदों का गायन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। गुरुवाणी की मधुर स्वर लहरियों से गुरुद्वारा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। अरदास के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच कड़ा प्रसाद एवं अटूट लंगर वितरित किया गया। इस अवसर पर श्री गुरु नानक मिशनरी सेंटर के संयुक्त सचिव भाई त्रिलोक सिंह निषाद, शंखनाद साहित्यिक मंडली के महासचिव एवं साहित्यकार राकेश बिहारी शर्मा तथा भाई सरदार वीर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गुरु नानक की शिक्षाएं संपूर्ण मानवता की अमूल्य धरोहर

समारोह में उपस्थित गुरु नानक मिशनरी सेंटर के संयुक्त सचिव भाई त्रिलोक सिंह निषाद ने कहा कि गुरु नानक देव जी अपनी उदासी यात्रा के दौरान वर्ष 1506 में राजगीर पधारे थे। इस दृष्टि से राजगीर की धरती उनके आध्यात्मिक संदेशों से जुड़ी ऐतिहासिक एवं पावन भूमि है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को एकता, समरसता, बंधुत्व, सौहार्द और सेवाभाव का मार्ग दिखाया। उनका जीवन और उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानव जाति के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत हैं। प्रकाश पर्व की सार्थकता तभी है, जब हम उनके आदर्शों को अपने जीवन और आचरण में उतारें।
कुरीतियों के विरुद्ध ज्ञान और विवेक की अलख जगाई

शंखनाद साहित्यिक मंडली के महासचिव साहित्यकार राकेश बिहारी शर्मा ने कहा कि गुरु नानक देव जी केवल सिख धर्म के प्रथम गुरु ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक और विश्वबंधुत्व के अग्रदूत थे। उन्होंने जाति-पांति, ऊंच-नीच, धार्मिक आडंबर, अंधविश्वास, पाखंड और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध निर्भीक स्वर बुलंद किया। अपनी व्यापक यात्राओं और क्रांतिकारी विचारों के माध्यम से उन्होंने समाज में ज्ञान, विवेक, समानता और सद्भाव का प्रकाश फैलाया। उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी पांच शताब्दी पूर्व थीं। वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में उनके विचार मानवता को सही दिशा देने की क्षमता रखते हैं।
 नाम जपो, कीरत करो और वंड छको का अमर संदेश

ग्रंथी भाई मंजीत सिंह ने गुरु नानक देव जी के जीवन-दर्शन को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका मूल संदेश था—'नाम जपो, कीरत करो और वंड छको'। अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, ईमानदारी एवं परिश्रम से आजीविका अर्जित करो और अपनी कमाई तथा संसाधनों को दूसरों के साथ बांटकर खाओ। यही संदेश मानव जीवन में नैतिकता, परोपकार और सामाजिक समानता की नींव रखता है।

भाई सरदार वीर सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने धर्म, नैतिकता और मानवता को जीवन का आधार बनाया। उनके प्रकाश पर्व का वास्तविक उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि उनके विचारों को आत्मसात कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना है।
यह कार्यक्रम त्रिलोक सिंह निषाद,  प्रबंधक हरजीत सिंह, प्रबंधक दिलीप सिंह पटेल के देखरेख में संपन्न हुआ।

गुरुद्वारा में मुख्य ग्रंथी भाई दिलीप सिंह एवं जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने अरदास संपन्न कराई।
 गणमान्य अतिथियों को सरोपा एवं प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित

समारोह के दौरान अनुमंडल समाहर्ता राजगीर, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी राजगीर सहित बाबा गुरुविंदर सिंह (कारसेवा बाल लीला गुरुद्वारा), सुमित सिंह कलसी तथा कबीर मठ, राजगीर निचली बाजार के आचार्य ब्रजेश मुनि महंत को प्रतीक चिह्न एवं सरोपा भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सिख संगत, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने गुरु नानक देव जी के सत्य, करुणा, सेवा, समानता, भाईचारे और परोपकार के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
समारोह का समापन विश्वशांति, सामाजिक सद्भाव, मानव कल्याण और सर्वधर्म समभाव की मंगलकामना के साथ हुआ।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

शिक्षक नेता के निधन पर ककड़िया में श्रद्धांजलि सभा.....!"

शिक्षक के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन, लोगों ने दी श्रद्धांजलि....

शायर नवनीत व स्नेहा के शादी स्वागत समारोह में हुआ भव्य कवि सम्मेलन....!!